शहर

West Bengal Bypolls: नंदीग्राम की सियासी जंग में ममता की एंट्री नहीं, TMC ने संचिता प्रधान पर खेला दांव; रेजीनगर में रबीउल आलम चौधरी होंगे उम्मीदवार

West Bengal Bypolls: पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर टीएमसी ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान (डे) और रेजीनगर से रबीउल आलम चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा है। सबसे अहम बात यह है कि तमाम अटकलों और बागी गुट के दबाव के बावजूद ममता बनर्जी नंदीग्राम से उपचुनाव नहीं लड़ेंगी।

Image

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी (फाइल फोटो- PTI)

Photo : PTI

West Bengal Bypolls: पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने रविवार को अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। पार्टी ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान (डे) को मैदान में उतारा है, जबकि रेजीनगर सीट की जिम्मेदारी रबीउल आलम चौधरी को दी गई है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही पार्टी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी नंदीग्राम उपचुनाव में उम्मीदवार नहीं होंगी।

टीएमसी का यह फैसला ऐसे समय सामने आया है, जब पार्टी के अंंदर नेतृत्व और चुनावी रणनीति को लेकर खींचतान जारी है। बागी खेमे की ओर से लगातार ममता बनर्जी से नंदीग्राम से चुनाव लड़ने की अपील की जा रही थी। एक दिन पहले बागी गुट ने यहां तक कहा था कि अगर ममता बनर्जी नंदीग्राम से मैदान में उतरती हैं, तो उनकी ओर से कोई अलग उम्मीदवार नहीं उतारा जाएगा। बागी नेताओं का कहना था कि ममता बनर्जी को नंदीग्राम से चुनाव लड़कर विधानसभा में वापसी करनी चाहिए। हालांकि, अब टीएमसी के आधिकारिक गुट ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित करते हुए इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। पार्टी के ऐलान से साफ हो गया है कि ममता बनर्जी इस उपचुनाव के जरिए नंदीग्राम से चुनावी मैदान में वापसी नहीं करेंगी।

विधानसभा चुनाव में बड़ा सियासी बदलाव

2026 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिला। ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के हाथों 15,105 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को मात दी थी। यही वजह है कि नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों का ममता बनर्जी के राजनीतिक सफर में खास महत्व रहा है।

नंदीग्राम और भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी की जीत

नंदीग्राम सीट खाली होने की वजह भी शुभेंदु अधिकारी की जीत ही बनी। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। नियमों के तहत एक विधायक दो विधानसभा सीटों का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकता, इसलिए शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखते हुए नंदीग्राम की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नंदीग्राम के साथ रेजीनगर सीट पर भी उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया। चुनाव आयोग के मुताबिक दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को कराई जाएगी।

पार्टी के अंदर लगातार गहराता जा रहा गुटबाजी का मुद्दा

टीएमसी की ओर से उम्मीदवारों के नामों का ऐलान ऐसे वक्त किया गया है, जब पार्टी के अंदर गुटबाजी का मुद्दा लगातार गहराता जा रहा है। एक ओर ममता बनर्जी का धड़ा है, वहीं दूसरी ओर ऋतब्रता बनर्जी की अगुवाई में बागी खेमा अलग दावा पेश कर रहा है। दोनों पक्षों ने चुनाव आयोग का रुख करते हुए खुद को असली तृणमूल कांग्रेस बताया है। साथ ही पार्टी के नाम और दो फूल वाले चुनाव चिह्न पर भी दोनों गुट अपना अधिकार जता रहे हैं।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर निर्धारित

इस विवाद को लेकर 12 सितंबर को चुनाव आयोग के समक्ष दोनों पक्षों की सुनवाई हुई थी। आयोग ने बागी गुट से अतिरिक्त दस्तावेज जमा कराने को कहा है। दूसरी ओर, विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर निर्धारित है। ऐसे में उम्मीदवारों की घोषणा के बावजूद टीएमसी के संगठनात्मक विवाद का अंतिम समाधान नहीं हुआ है। चुनाव नजदीक आने के साथ पार्टी के अंदर की स्थिति को लेकर अनिश्चितता भी बनी हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article