Tiranga Yatra 2026 : भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ को लेकर देश ही नहीं, विदेशों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। देशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए भारतीय मिशन और प्रवासी भारतीय आजादी के इस खास पर्व को यादगार बना रहे हैं। इसी देशभक्ति के माहौल के बीच हरियाणा के पलवल में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने खास तौर पर लोगों का ध्यान खींचा। 13 अगस्त को पलवल में करीब 5 किलोमीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा तिरंगा लेकर हजारों लोग सड़कों पर उतरे। इस यात्रा को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दो विश्व रिकॉर्ड के तौर पर दर्ज किया गया है।
हरियाणा सरकार में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता और खेल राज्य मंत्री तथा पलवल के विधायक गौरव गौतम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यात्रा ने ‘राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए सबसे ज्यादा लोग’ और ‘झंडे के साथ सबसे लंबा सामूहिक मार्च’ के रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
सड़कों पर दिखा देशभक्ति का रंग
न्यूज गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रमाणन के मुताबिक, 13 अगस्त को पलवल में हजारों लोगों ने हाथों में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर सामूहिक मार्च किया। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन करना था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - देशभक्ति का अनोखा रंग...स्कूली छात्रों ने एक साथ मिलकर बनाया ‘जीवंत भारत का नक्शा’, देखें Viral Video
करीब 20 स्थानों पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने कई जगहों पर फूलों की वर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया। लोगों ने हाथ जोड़कर और सलामी देकर तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में लोग यात्रा को देखने और स्वागत करने के लिए जुटे। इस दौरान महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बुजुर्गों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी उत्साह के साथ नजर आए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा और तिरंगे के साथ आगे बढ़ते लोगों ने आयोजन को खास बना दिया।
वैश्विक स्तर पर बढ़ा पलवल का गौरव
गौरव गौतम ने कहा कि यह उपलब्धि उन हजारों नागरिकों और युवाओं को समर्पित है, जिन्होंने अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रप्रेम के साथ तिरंगे को थामकर इस ऐतिहासिक क्षण को साकार किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि तिरंगे के प्रति प्रेम, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का विश्व पटल पर अंकित गौरव है।
विदेशों में भी दिखा आजादी के पर्व का उत्साह
भारत के स्वतंत्रता दिवस और ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ को लेकर विदेशों में भी भारतीय समुदाय और भारतीय मिशनों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लातविया और जमैका स्थित भारतीय उच्चायोगों ने भी सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए इस ऐतिहासिक अवसर की महत्ता को सामने रखा। ऐसे में पलवल की तिरंगा यात्रा देश के भीतर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति के जन उत्सव की तस्वीर पेश करती नजर आई। हजारों लोगों की भागीदारी और दो विश्व रिकॉर्ड के साथ यह यात्रा स्वतंत्रता दिवस से पहले पलवल के लिए एक यादगार उपलब्धि बन गई।
सुखना झील के किनारे 'हर घर तिरंगा' वॉकथॉन
देशभक्ति के रंग में सराबोर चंडीगढ़ में गुरुवार को सुखना झील के किनारे 'हर घर तिरंगा' वॉकथॉन का आयोजन किया गया। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने इस वॉकथॉन में हिस्सा लेकर युवाओं और स्थानीय लोगों के साथ तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। साथ ही नशा मुक्ति के संकल्प को भी दोहराया गया।
