शहर

विदेशी गैंगस्टरों के इशारे पर रची गई थी साजिश, राणा बलाचौरिया मर्डर केस के आरोपी गिरफ्तार

मोहाली के सेक्टर-79, सोहाना में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हुई कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मोहाली एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों डॉनी बल और अमरजीत सिंह उर्फ खब्बा के इशारे पर काम कर रहे तीन आरोपियों को हावड़ा रेलवे स्टेशन, कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो शूटर भी शामिल हैं, जिन पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Image

राणा बलाचौरिया मर्डर केस में बड़ी कामयाबी

Photo : Times Now Digital

मोहाली के सेक्टर-79, सोहाना में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस हत्याकांड में शामिल तीन कुख्यात गैंगस्टरों को मोहाली पुलिस ने कोलकाता के हावड़ा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक यह पूरी वारदात विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर अंजाम दी गई थी।

विदेशी गैंगस्टरों के इशारे पर रची गई साजिश

मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर बलविंदर सिंह उर्फ डॉनी बल और अमरजीत सिंह उर्फ खब्बा के लिए काम कर रहे थे। राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश अक्टूबर 2025 में रची गई थी। इसके बाद आरोपी लगातार चंडीगढ़, कालका, जीरकपुर और खरड़ के अलग-अलग होटलों में ठहरते रहे और मौके की रेकी करते रहे।

सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से गिरफ्तारी

एसएसपी के अनुसार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की। लगातार निगरानी के बाद टीम ने कोलकाता के हावड़ा रेलवे स्टेशन से तीनों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो शूटर और एक साजिश में अहम भूमिका निभाने वाला सहयोगी शामिल है।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि शूटर करन पाठक उर्फ करन डिफॉल्टर के खिलाफ अमृतसर के थाना डिवीजन-बी में पहले से ही लड़ाई-झगड़े के दो मामले दर्ज हैं। उसने अपने साथी आदित्य उर्फ मखन के साथ मिलकर राणा बलाचौरिया पर फायरिंग की थी। तरनदीप सिंह पर मोहाली के थाना एयरो सिटी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वारदात के वक्त वह मोटरसाइकिल के साथ मौके पर मौजूद था और घटना के बाद शूटरों को फरार कराने में उसकी भूमिका रही। तीसरा आरोपी सुखशेरपाल सिंह उर्फ आकाश उप्पल है, जो गुरदासपुर जिले में जबरन वसूली के मामलों में वांछित है। पुलिस के मुताबिक वह गैंगस्टर अमरजीत सिंह उर्फ खब्बा का मामा है और हत्या की साजिश तथा रेकी में उसकी अहम भूमिका रही।

पहले भी हो चुका था हत्या का प्रयास

पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपियों ने इससे पहले भी एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान राणा बलाचौरिया की हत्या का प्रयास किया था, लेकिन तब वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए थे। आखिरकार 15 दिसंबर 2025 को सोहाना में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान राणा बलाचौरिया पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी गई। जांच में यह भी सामने आया है कि गैंगस्टर डॉनी बल ने कबड्डी खेल पर अपना वर्चस्व स्थापित करने के इरादे से यह हत्या करवाई थी। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे विदेश में बैठे गैंगस्टरों के कहने पर हत्या और फिरौती की वारदातों को अंजाम देते थे।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article