Odisha Crime: ओडिशा के गजपति जिले में कई महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या करने के बाद उसके शव को जला दिया गया। बताया जा रहा है कि महिलाओं के एक ग्रुप ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामला के प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और 8 महिलाओं समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने व्यक्ति शव की तलाश की तो उन्हें पहाड़ी से मृतक की हड्डियां और राख मिली है।
दुष्कर्म का शिकार हुई महिलाओं ने आरोपी को जलाया
मोहन पुलिस थाना क्षेत्र के प्रभारी बसंत सेठी ने बताया कि उन्हें एक व्यक्ति की हत्या करने की सूचना मिली थी। उन्हें पता लगा की व्यक्ति की हत्या करने के बाद उसके शव को जला दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में गांव के एक वार्ड के 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच करने के दौरान पुलिस की टीम को पहाड़ी से मृतक की हड्डियां और राख बरामद हुई है।
कई महिलाओं को बनाया दुष्कर्म का शिकार
गिरफ्तार महिलाओं ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि 3 जून की रात हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद शव को जलाया गया था। महिलाओं ने बताया कि आरोपी ने गांव की एक 52 वर्षीय विधवा के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया था। इससे पहले भी गांव की कई महिलाओं के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे चुका है। इससे परेशान होकर और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए पीड़ित महिलाओं ने बैठक की और उस बैठक में आरोपी को मारने का फैसला लिया।
पत्नी की मौत के बाद कई महिलाओं को बनाया हैवानियत का शिकार
पुलिस ने बताया कि सभी महिलाएं मिलकर आरोपी के घर गई और दो पुरुषों की मदद से उस व्यक्ति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हत्या के समय आरोपी सो रहा था। महिलाओं ने उसकी हत्या की और उसे पहाड़ी पर ले जाकर जला दिया। महिलाओं ने बताया कि चार साल पहले उस व्यक्ति की पत्नी की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उसने कथित तौर पर गांव की महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के समूह में 6 ऐसी महिलाएं है जिन्हें उस व्यक्ति ने अपनी हैवानियत का शिकार बनाया था।
