शहर

स्कूल में मिड-डे मील खाने से 22 छात्रों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में गुरुवार को एक प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 22 छात्रों की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें पेट में दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई। जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Telangana News: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में गुरुवार को एक प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 22 छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायतें होने लगीं। जिसके बाद छात्रों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर हैं। जल्द ही उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

सांभर-चावल खाने के बाद बीमार हुए बच्चे

अधिकारियों के अनुसार, स्कूल में बच्चों को दोपहर के भोजन में सांभर और चावल परोसे गए थे। खाना खाने के कुछ ही समय बाद कई छात्रों को पेट में तेज दर्द और उल्टी की समस्या होने लगी। बच्चों की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

परिजनों ने अब तक नहीं की शिकायत

नारायणखेड पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी 22 स्टूडेंट्स की हालत फिलहाल स्थिर है। इलाज के बाद उनकी तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक किसी भी बच्चे के माता-पिता की ओर से स्कूल प्रशासन के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

इस घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि बच्चों को परोसे गए खाने में किसी तरह की गड़बड़ी या खराब सामग्री का इस्तेमाल तो नहीं किया गया था। इसके लिए भोजन की गुणवत्ता और रसोई की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोयंबटूर में मिड डे मील से 33 छात्र हुए बीमार

गौरतलब है कि इससे पहले तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में भी ऐसी ही घटना देखने को मिल चुकी है। जहां एक सरकारी स्कूल में भी मिड-डे मील खाने के बाद 33 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई थी। इस तरह की घटनाओं के लगातार सामने आने के कारण मिड-डे मील योजना की निगरानी व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article