शहर

भागलपुर में विक्रमशिला सेतु हादसे के बाद गरमाई सियासत, तेजस्वी यादव ने जमकर साधा NDA सरकार पर निशाना

बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा देर रात गंगा नदी में गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया और यह अहम मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। इस घटना को लेकर तेजस्वी यादव ने NDA सरकार पर निशाना साधा है।

Image

विक्रमशिला सेतु हादसे पर तेजस्वी यादव का NDA पर तीखा वार

Photo : PTI

Vikramshila Setu Collapse Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा अचानक गंगा नदी में समा गया। बताया जा रहा है कि पिलर नंबर 133 के पास स्लैब बैठने के कारण पुल का बीच वाला हिस्सा ढह गया, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला यह अहम मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते प्रशासन और पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

तेजस्वी यादव ने किया तीखा हमला

अब इस हादसे को लेकर तेजस्वी यादव ने NDA सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने 'एक्स' पर सेतु की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि, "और अब भ्रष्ट NDA सरकार के सौजन्य से भागलपुर में विक्रमशिला पुल ने गंगा नदी में समाधि ले ली। भ्रष्टाचार का इससे भी बड़ा कोई प्रत्यक्ष प्रमाण चाहिए। विगत महीने हम लोगों ने सरकार को आगाह किया था कि यह पुल गिर सकता है लेकिन आदतन सरकार ने अपनी भ्रष्ट व्यवस्था का बचाव करते हुए पल्ला झाड़ लिया। जिस वक्त पुल गिरा अनेक वाहन पुल पर थे लेकिन ईश्वर का आशीर्वाद रहा कि गिरने वाले स्लैब पर नहीं थे इसलिए जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। विगत दो साल में बिहार में 100 से अधिक पुल-पुलिया गिरे है तभी तो बिहार भ्रष्टाचार में शीर्ष पर है।"

भागलपुर के जिलाधिकारी ने क्या बताया?

भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने जानकारी दी कि यह घटना रात लगभग 12:35 बजे के आसपास हुई। विक्रमशिला सेतु पर पिलर नंबर 133 के पास एक स्लैब अचानक नीचे की ओर धंसने लगा। स्थिति को भांपते हुए मौके पर मौजूद स्थानीय अधिकारी और थाना प्रभारी ने तुरंत सक्रियता दिखाई और दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रोक दी। साथ ही वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था हुई और सख्त

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण कुछ ही देर में बड़ा खतरा टल गया। बताया गया कि लोगों को सुरक्षित हटाए जाने के करीब 15 मिनट बाद ही वह स्लैब टूटकर सीधे गंगा नदी में गिर गया। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। विक्रमशिला सेतु को भागलपुर और नवगछिया दोनों ओर से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और पूरे क्षेत्र का जायजा ले रहे हैं। किसी भी प्रकार के जोखिम को देखते हुए पुल पर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article