शहर

Jodhpur School Protest: शिक्षकों की कमी से नाराज छात्र और ग्रामीण, स्कूल पर ताला लगाकर धरने पर बैठे

Jodhpur School Protest News:जोधपुर के अरणी नाड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में टीचरों की भारी कमी के विरोध में छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द नियुक्ति नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी।

Image

जोधपुर में शिक्षकों की कमी पर ग्रामीणों और छात्रों का प्रदर्शन

Photo : Times Now Digital

Jodhpur School Protest News: राजस्थान के जोधपुर जिले के मंगल नगर स्थित ग्राम पंचायत बालाजी नगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरणी नाड़ी में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। लंबे समय से खाली पड़े शिक्षक पदों के विरोध में ग्रामीणों ने स्कूल के मेन गेट पर ताला जड़ दिया और छात्र धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

टीचरों के बिना चल रही 11वीं-12वीं की पढ़ाई

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में प्रथम श्रेणी के शिक्षकों के कई पद लंबे समय से खाली हैं। सबसे अधिक परेशानी कला संकाय (Faculty of Arts) के स्टूडेंट्स को हो रही है। 11वीं और 12वीं कक्षा में करीब 30 से अधिक छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए एक भी शिक्षक उपलब्ध नहीं है।

गणित शिक्षक भी नहीं, छात्रों का भविष्य दांव पर

स्थिति सिर्फ वरिष्ठ कक्षाओं तक सीमित नहीं है। कक्षा-2 में गणित विषय के शिक्षक का पद भी खाली है, जिससे छात्रों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि पर्याप्त शिक्षकों की कमी में बच्चों की पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी दोनों पर बुरा असर पड़ रहा है।

प्रशासन से की तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग

शिक्षकों की कमी से नाराज ग्रामीणों और छात्रों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग से खाली पदों को तत्काल भरने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान तेज धूप के कारण छात्रों को परेशानी होने लगी, जिसके बाद धरना स्थल पर टेंट लगाने की व्यवस्था की गई है।

सड़क जाम की भी चेतावनी

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उनका कहना है कि अगर जल्द शिक्षकों की भर्ती नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगला कदम सड़क जाम होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और शिक्षा विभाग की होगी। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article