शहर

तमिलनाडु के पोलाची में भीषण सड़क हादसा; खड़ी लॉरी से टकराई कार, एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत 5 की दर्दनाक मौत

तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में पोलाची के पास दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार नल्लमपल्ली जंक्शन के पास सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा भिड़ी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

Image

तमिलनाडु के पोलाची में पांच लोगों की मौत (फोटो- ANI)

Photo : ANI

Pollachi Road Accident: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पोलाची के नल्लमपल्ली जंक्शन के पास पोलाची–पलानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पांचवें व्यक्ति की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चार लोग एक ही परिवार से थे। मृतकों की पहचान मदुक्कराई के पास गुरुबंपालयम निवासी कनकराज, उनकी पत्नी नर्मदा और उनकी दो बेटियों आरती तथा पूरनी के तौर पर हुई है। हादसे में मारे गए पांचवें व्यक्ति की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी हुई है। इसके साथ ही जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि पांचवां व्यक्ति कार चला रहा था या वह यात्री के तौर पर वाहन में मौजूद था।

काफी कोशिशों के बाद सभी शवों को वाहन से बाहर निकाला

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही गोमंगलम पुलिस और बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राहतकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद सभी शवों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए पोलाची सरकारी अस्पताल भेज दिया।

कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही

हादसे के बाद पोलाची–पलानी हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त कार के क्षतिग्रस्त हिस्से और अन्य अवरोध होने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई थी। पुलिस और राहतकर्मियों ने वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को दोबारा सुचारु कराया। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि स्थानीय लोगों में भी शोक और चिंता का माहौल है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article