शहर

तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, महिला कर्मचारी की मौत; 26 मजदूर घायल

तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में एट्टायापुरम के पास स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शनिवार को विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर है। धमाके के कारण फैक्ट्री की कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत और बचाव कार्य जारी है

Image

tamil nadu fire accident

Photo : ANI

Tamil Nadu Factory Blast: तमिलनाडु के थूथुकडी जिले में शनिवार को एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। जिसमें एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई और 26 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा एट्टायापुरम के पास स्थित बालाजी फायर वर्क्स फैक्ट्री में उस समय हुआ, जब कर्मचारी पटाखा निर्माण का काम कर रहे थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि फैक्ट्री की कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तीन घायलों की हालत गंभीर

पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान नथाथुपत्ती निवासी मरियम्मल के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में काम करती थीं। हादसे के बाद घायल हुए सभी 26 कर्मचारियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का सत्तूर के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

फैक्ट्री के कई कमरे धमाके में हुए पूरी तरह तबाह

जानकारी के अनुसार, विस्फोट के कारण फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचा है। दो कमरे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण गिरने की स्थिति में पहुंच गए हैं। वहीं तीन कमरे पूरी तरह से तबाह हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोविलपट्टी और विलाथिकुलम से दमकल और बचाव दल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।

विस्फोट के कारणों की जांच जारी

अधिकारियों ने मलबे में भी तलाशी अभियान शुरू किया हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्षतिग्रस्त ढांचे के अंदर कोई मजदूर फंसा तो नहीं है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सकता है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article