दिल्ली : शाहबाद डेयरी इलाके में चोरी की कोशिश के शक में स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर कुछ संदिग्ध चोरों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। इस घटना में 21 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान हसन मंगल के रूप में हुई है। हसन के खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामलों में संलिप्तता रिकॉर्ड हैं और नरेला औद्योगिक क्षेत्र थाने में उसे ‘बैड कैरेक्टर’ के तौर पर नामित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध चोरों को लोगों की भीड़ ने पकड़ लिया है और उनके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां उसे तीन लोग घायल अवस्था में मिले। तीनों को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हसन मंगल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
पीटीआई के हवाले से एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब चार से पांच संदिग्ध लोग चोरी करने के इरादे से इलाके में दाखिल हुए थे। वे संभवतः एक दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और उन्होंने संदिग्धों को पकड़ लिया।
गंभीर चोटों के बाद मौत
पुलिस के मुताबिक, इनमें से कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे, जबकि तीन संदिग्धों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और बाद में उनकी पिटाई की। अधिकारी ने बताया कि हसन मंगल को गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। जांचकर्ताओं ने घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज भी जुटाई है।
पुलिस के अनुसार, कथित मारपीट के मामले में अब तक पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के साथ-साथ मेडिकल राय और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुकान में कथित तौर पर चोरी की कोशिश के आरोपों की भी जांच कर रही है। साथ ही, मौके से फरार हुए अन्य संदिग्ध चोरों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।
