Amethi News: अमेठी जिले के जामो थाना इलाके में स्थित नंद महर चौराहे पर बुधवार दोपहर तेज आंधी के बीच बड़ा हादसा हो गया। अचानक तेज हवा के दबाव से सड़क किनारे लगा सरकारी होर्डिंग गिर पड़ी। उस समय वहां से गुजर रही एक बाइक और एक कार इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 4 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
असंतुलित होकर सड़क पर आ गिरी होर्डिंग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, "बुधवार दोपहर करीब तीन बजे क्षेत्र में अचानक तेज धूल भरी आंधी शुरू हो गई। तेज हवाओं के चलते लोहे के एंगल पर टिकी विशाल होर्डिंग असंतुलित होकर सड़क पर आ गिरी। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक बाइक और एक कार इसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।"
पूरे इलाके में मचा हड़कंप
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से सड़क पर गिरी होर्डिंग को हटवाया। राहत कार्य के दौरान घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया। वहीं, दुर्घटना के कारण प्रभावित यातायात को भी पुलिस ने जल्द ही सामान्य करवा दिया।
प्रशासन की अनदेखी को जिम्मेदार ठहराया गया
स्थानीय निवासियों ने इस हादसे के लिए प्रशासन की अनदेखी को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे लगी यह होर्डिंग लंबे समय से खराब और कमजोर स्थिति में थी। तेज हवा चलने पर यह अक्सर डगमगाती दिखाई देती थी। क्षेत्रवासियों ने कई बार इसे हटाने या मरम्मत कराने की मांग उठाई थी, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कैसा रहेगा अमेठी का मौसम?
वहीं, मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान क्षेत्र में तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। अमेठी और आसपास के इलाकों में 29 अप्रैल को तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे धूल भरी आंधी और अचानक मौसम खराब होने की आशंका है। हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर होर्डिंग्स से दूर रहने की सलाह दी है।
