शहर

JPL फाइनल में बेकाबू हुई भीड़, स्टेडियम में भगदड़ जैसी स्थिति; अव्यवस्था का आरोप

रांची के JSCA स्टेडियम में झारखंड T-20 लीग के फाइनल मुकाबले के दौरान भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जिससे कई लोग घायल हो गए। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

Image

Ranchi stadium

Photo : ANI

झारखंड T-20 लीग (JPL) के फाइनल मुकाबले के दौरान रांची के जेएससीए स्टेडियम में भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जिसमें कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घटना में कम से कम 8 लोग घायल हो गए। जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने लोगों के लिए तत्काल राहत एवं उपचार की व्यवस्था की। फिलहाल हालात काबू में हैं। लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने स्टेडियम में अव्यवस्था का आरोप लगाया है।

स्टेडियम में फ्री एंट्री के कारण उमड़ी भारी भीड़

जानकारी के अनुसार, फाइनल मैच में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क (Free Entry) रखा गया था। जिसके कारण स्टेडियम के बाहर बड़ी तादाद में क्रिकेट प्रेमी पहुंच गए। भीड़ अधिक होने पर प्रशासन ने स्टेडियम के गेट बंद कर दिए, जिससे बाहर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोग गेट और दीवार फांदकर स्टेडियम के अंदर जाने का प्रयास करने लगे। जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया। एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं और अस्पतालों को घायलों के बेहतर इलाज के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लोगों से कहा कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं होने, सभी घायलों को जरूरी मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

स्टेडिम का सिर्फ एक गेट लोगों के लिए खुला था

रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि आम जनता के लिए केवल एक गेट खोला गया था। सुरक्षा जांच (फ्रिस्किंग) की प्रक्रिया धीमी होने के चलते बाहर भीड़ का दबाव बढ़ने लगा। जिसके चलते कुछ देर के लिए हालात बेकाबू हो गए। हालांकि पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति पर काबू पाया।

स्टेडियम में अव्यवस्था का आरोप

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन की कमी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि फाइनल मैच के बावजूद स्टेडियम के पर्याप्त गेट नहीं खोले गए। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों ने चोरी की घटना और चोट लगने की भी शिकायत की है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से काबू में है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article