दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF/SED की टीम ने एक शातिर और इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अमर कॉलोनी इलाके के आस्था कुंज पार्क में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी और संदिग्ध के आने का इंतजार करने लगी।
जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे धर-दबोचने की कोशिश की, लेकिन उसने भागने के प्रयास के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसके बाद आरोपी को काबू कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 40 साल के रिजवान के रूप में हुई है, जो ओल्ड मुस्तफाबाद का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि वह बुलंदशहर के कोतवाली नगर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित था। कोर्ट की कार्रवाई से बचने के कारण उस पर फरवरी 2026 में इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रिजवान एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कुल 28 मामले दर्ज हैं। इनमें से 24 मामले दिल्ली और 4 उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं। उसके खिलाफ झपटमारी, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों के मामले भी शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी ने पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में चोरी की 10 से ज्यादा वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब उसके नेटवर्क की जांच कर रही है और चोरी के सामान की बरामदगी की कोशिश भी जारी है।
डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने इस कार्रवाई के लिए टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
