शहर

दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी; बुजुर्ग महिला के घर से करोड़ों की चोरी करने वाले 3 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस के साउथ जिले ने एक वरिष्ठ नागरिक महिला के घर से बड़ी मात्रा में आभूषण और नकदी चोरी के मामले का सफलता पूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सारा माल जब्त किया है। इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने में सफलता मिली।

Image

दिल्ली पुलिस ने बड़े चोरीकांड के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा

Photo : iStock

Delhi Police Burglary Case: दिल्ली पुलिस के साउथ जिले ने एक बड़े चोरी के मामले का खुलासा करते हुए महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। एक वरिष्ठ नागरिक महिला के घर से करोड़ों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी होने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तीनों में से दो आरोपी थाना अंबेडकर नगर क्षेत्र के सक्रिय बदमाश बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और एक स्कूटी जब्त की है। दिल्ली पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 1 जनवरी को एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि सुबह घर लौटने पर उन्होंने मुख्य गेट का हैंडल टूटा पाया और घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि उन्होंने जीवन भर की बचत के रूप में जो आभूषण और नकदी घर में रखी थी, वह चोरी हो चुकी है। इसके बाद थाना अंबेडकर नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा ये

मामले को गंभीर मानते हुए साउथ डिस्ट्रिक्ट की एएटीएस की एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम का नेतृत्व एएटीएस साउथ डिस्ट्रिक्ट के प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश यादव कर रहे थे, जबकि पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस अरविंद कुमार की निगरानी में संचालित हुई। टीम में एसआई नवदीप, हेड कांस्टेबल अरविंद, नरेंद्र, ईश्वर, महिला हेड कांस्टेबल सीमा मलिक, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, तथा कांस्टेबल काना राम, अरविंद कुमार और कृष्णन शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से खंगाला किया। फुटेज में दिखाई दिया कि रात करीब तीन बजे तीन संदिग्ध चेहरे ढंककर घर के अंदर घुसते नजर आए।

कब हुई गिरफ्तारी?

लगातार कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद संदिग्धों की पहचान हो सकी। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपियों के नाम इशाक उर्फ कालूआ, पवन और भारत उर्फ विक्की हैं। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि पवन और भारत उर्फ विक्की, थाना अंबेडकर नगर क्षेत्र के सक्रिय अपराधी हैं। विश्वसनीय सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नाला रोड, पुष्प विहार और साकेत इलाके से तीनों को दबोच लिया। गिरफ्तारी उस वक्त हुई, जब वे चोरी की स्कूटी पर सवार होकर चोरी किए गए आभूषण और नकदी लेकर जा रहे थे।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी का सारा माल बरामद कर लिया। जब्ती में 228.83 ग्राम सोने के आभूषण, 708 ग्राम चांदी के जेवर, 1.15 लाख रुपये नकद और एक चोरी की स्कूटी शामिल है। जब्त किए गए जेवरात में सोने का हार, 14 सोने की चूड़ियां, झुमके, मांग-टीका, अंगूठियां, साथ ही चांदी की पायल, कमरबंद, चुटकी और वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चांदी के सिक्के पाए गए।

आपराधिक मामलों में संलिप्तता

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इशाक उर्फ कालूआ (24), पवन (26) और भारत उर्फ़ विक्की (23) के रूप में हुई है। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि इशाक दो मामलों, पवन आठ मामलों और भारत उर्फ विक्की चौदह मामलों में पहले भी शामिल रह चुका है। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि इन तीनों की संलिप्तता कुछ अन्य अपराधों में भी रही है, जिनमें थाना मालवीय नगर से जुड़े एक ई-एमवीटी मामले का जिक्र सामने आया। मामले के सफल खुलासे पर दिल्ली पुलिस ने पूरी टीम की तारीफ की और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article