शहर

सोनीपत में ज्वैलर्स शॉप लूट का कुछ घंटों में खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार

सोनीपत में ज्वैलर्स की दुकान में दिनदहाड़े गहनों की लूट करने वाले चार आरोपियों को पकड़ लिया गया है। एक को लोगों ने मौके पर दबोच लिया। वहीं अन्य फरार तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।

Image

सोनीपत में ज्वैलर्स शॉप में लूट का खुलासा

Photo : Times Now Digital

हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा में दिनदहाड़े ज्वैलरी की दुकान में हुई लूट का पुलिस ने कुछ घंटों में ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही लोगों की मदद से पकड़ लिया, जबकि फरार हुए तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

ग्राहक बनकर पहुंचे, सेल्समैन की आंखों में झोंकी मिर्च

यह घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे रतन मार्केट स्थित सांवरियां ज्वैलर्स की है। दुकान मालिक शिवशंकर के मुताबिक, दो युवक ग्राहक बनकर उनकी दुकान में आए और चांदी की चेन व ब्रेसलेट दिखाने को कहा। जैसे ही सेल्समैन भोला ने काउंटर पर गहने रखे, एक बदमाश ने उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी, जबकि दूसरा बदमाश गहनों से भरा बॉक्स लेकर बाहर फरार हो गया। बाहर पहले से मौजूद उनके साथी कार में बैठकर भाग निकले।

एक बदमाश को लोगों ने पकड़ा

शोर सुनकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पकड़े गए आरोपी की पहचान पवन निवासी जागसी के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के नाम सागर, अनुज और लक्ष्य बताए। सेल्समैन की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।

मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार

क्राइम यूनिट खरखौदा को फरार बदमाशों की तलाश के दौरान सूचना मिली कि तीनों आरोपी एनसीआर वाटर चैनल के पास छिपे हुए हैं। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए घेराबंदी की, इसी दौरान मुख्य आरोपी सागर ने पुलिस टीम पर लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें सागर के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने सागर समेत अनुज और लक्ष्य को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सागर ने वारदात से पहले कई दिनों तक ज्वैलर्स की दुकान की रेकी की थी। उसने वारदात के लिए सेल्फ ड्राइव पर कार को किराए पर लिया था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इसी कार का इस्तेमाल अन्य अपराधों में तो नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, सागर के खिलाफ सोनीपत, करनाल और उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती, छीना-झपटी और चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं।

डीसीपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस और क्राइम यूनिट की अलग-अलग टीमें सक्रिय कर दी गई थीं। पुलिस की तेज कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों में सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article