शहर

"2027 में सपा की बनेगी सरकार, अखिलेश बनेंगे यूपी के मुख्यमंत्री", शिवपाल यादव के दावे से गरमाई सियासत

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने 2027 में सपा की सरकार बनने और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने का दावा करते हुए प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरा। साथ ही राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए बड़े आरोपियों को बचाने का भी आरोप लगाया।

Image

शिवपाल यादव (फाइल फोटो)

Photo : BCCL

Shivpal Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने दावा किया कि पार्टी साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और इस बार प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी हैं और लोगों के हित में कोई ठोस काम नहीं किया है। उनके अनुसार, 2027 में समाजवादी पार्टी सत्ता में आएगी और उनके भतीजे अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। ये बात उन्होंने फिरोजाबाद में मीडिया से रूबरू होते हुए कही।

महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर

शिवपाल यादव ने राज्य की मौजूदा स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं चरम पर हैं, जिससे आम जनता परेशान है। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि उनकी बातों का कोई विशेष महत्व नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजभर को विशेष इलाज की जरूरत है।

राम मंदिर मामले पर कही ये बात

वहीं शिवपाल सिंह यादव ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में बड़े दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जबकि छोटे लोगों को फंसाया जा रहा है। शिवपाल यादव ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच होनी चाहिए तथा जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

"2027 में NDA भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी"

बता दें कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक दलों की तैयारियां जोरों पर हैं। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को भरोसा जताया कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 2027 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगा। नवीन ने गठबंधन के कामकाज और जनसेवा का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को दिया।

NDA सहयोगियों के साथ मुलाकात के बाद यहां पत्रकारों से बातचीत में नवीन ने कहा कि भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 2027 के चुनावों के लिए एकजुट रहेगा। उन्होंने कहा, "भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ने में सक्षम है...हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राजग के सभी सहयोगी दल मिलकर काम करते रहें ताकि उत्तर प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाया जा सके।" उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने मोदी और योगी के नेतृत्व में सामूहिक प्रयासों से राज्य की तस्वीर बदल दी है। नवीन ने कहा, "हमारे नेताओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा की भावना के साथ लोगों के बीच काम किया है। हमें पूरा भरोसा है कि 2027 के विधानसभा चुनावों में NDA भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।"

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article