बिजनेस

Sensex 483 और Nifty 153 अंक चढ़कर बंद, क्यों पलटा 4 दिन से जारी गिरावट का रुख

शेयर बाजार में जारी लगातार 4 दिन की गिरावट का दौर खत्म हो गया है। सेंसेक्स जहां 483 अंक चढ़कर बंद हुआ है। वहीं, Nifty 153 अंक चढ़कर बंद हुआ है।

Image

शेयर बाजार में लौटी तेजी

Stock Market Closing Today : लगातार 4 कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को रिकवरी देखने को मिली। Sensex 482.92 अंक यानी 0.66% की तेजी के साथ 73,606.75 पर बंद हुआ। वहीं, Nifty में 153.20 अंक यानी 0.68% की बढ़त रही और यह 22,753.20 पर पहुंच गया। कारोबार की शुरुआत में भारी बिकवाली के बाद निचले स्तरों पर खरीदारी लौटी। मेटल, फार्मा और मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में तेजी ने भी बाजार को सहारा दिया।

शुरुआती गिरावट के बाद बाजार ने कैसे की वापसी?

सोमवार को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। Sensex गिरकर 72,514.57 के निचले स्तर तक पहुंच गया था, जबकि Nifty 50 फिसलकर 22,387.35 पर आ गया था। हालांकि, इसके बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू की और बाजार संभल गया।

दिन के निचले स्तर से Sensex में 1,092 अंक से ज्यादा की रिकवरी हुई, जबकि Nifty करीब 366 अंक चढ़कर बंद हुआ। पिछले सप्ताह लगातार बिकवाली के दबाव में Nifty 50 में करीब 2.4% और Sensex में लगभग 2.2% की गिरावट आई थी। ऐसे में सोमवार को निचले भाव पर खरीदारी बाजार की वापसी की प्रमुख वजह रही।

बाजार में तेजी की 4 बड़ी वजहें

1. चार दिन की गिरावट के बाद निचले स्तरों पर खरीदारी : लगातार 4 कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद निवेशकों को कई शेयर अपेक्षाकृत निचले भाव पर मिले। ऐसे में चुनिंदा शेयरों में वैल्यू बाइंग देखने को मिली। हालांकि, इसे बाजार में नई तेजी की शुरुआत मानने से पहले अगले कारोबारी सत्रों में खरीदारी का रुख देखना जरूरी होगा।

2. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से राहत : पश्चिम एशिया में तनाव और सऊदी अरब पर हूती हमलों के कारण कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है। Brent क्रूड वायदा शुक्रवार को भारतीय बाजार बंद होने के बाद करीब 117 डॉलर प्रति बैरल के लगभग छह महीने के उच्च स्तर तक पहुंच गया था। सोमवार को इसमें नरमी आई और भाव करीब 114.5 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहे।

3. विदेशी निवेशकों की खरीदारी से मिला सहारा : विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 23 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार में 887.65 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की थी। विदेशी निवेशकों की बिकवाली में पिछले सप्ताह कुछ नरमी भी देखने को मिली थी।

4. ग्लोबल बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत : सोमवार को एशियाई बाजारों में मजबूती रही। हांगकांग का Hang Seng इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था और अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स में भी मजबूती दिखी। इससे भारतीय बाजार की धारणा को सहारा मिला।

मेटल और फार्मा शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी

सोमवार को सेक्टोरल इंडेक्स में मेटल और फार्मा शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया। Nifty Metal इंडेक्स 2.21% चढ़ा, जबकि Nifty Pharma में 1.76% की बढ़त दर्ज की गई। हेल्थकेयर और सीमेंट इंडेक्स भी मजबूत रहे।

सेक्टर इंडेक्सबदलाव
Nifty Metal0.0221
Nifty MidSmall Healthcare0.0219
Nifty Healthcare0.0177
Nifty Pharma0.0176
Nifty Smallcap 1000.0138
Nifty Oil & Gas0.0135
Nifty Midcap 1000.0119
Nifty IT0.0087
Nifty Auto0.0044
Nifty Bank0.0015
Nifty Consumer Durables-0.21%
Nifty Media-0.34%

व्यापक बाजार में भी खरीदारी देखने को मिली। Nifty Midcap 100 में 1.19% और Nifty Smallcap 100 में 1.38% की तेजी रही। इससे संकेत मिला कि सोमवार की रिकवरी में बड़े शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की भी भागीदारी रही।

क्या बाजार में लौट आई तेजी टिकेगी?

सोमवार की तेजी ने लगातार बिकवाली से परेशान निवेशकों को राहत जरूर दी है, लेकिन बाजार के सामने अभी कई चुनौतियां हैं। कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, पश्चिम एशिया का तनाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली बाजार की दिशा को प्रभावित कर सकती है। इसके अलावा, कंपनियों के तिमाही नतीजे और ग्लोबल बाजारों के संकेत भी अहम रहेंगे।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article