शहर

यूपी में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से हाल बेहाल, पारा 45 डिग्री के पार; हीटवेव के बीच कब मिलेगी राहत?

उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, जहां कई जिलों में तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हवाओं की रफ्तार कम होने और गर्म सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक गर्मी और बढ़ सकती है।

Image

यूपी में भीषण गर्मी का अलर्ट (AI फोटो)

Uttar Pradesh Heatwave: उत्तर प्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में भीषण हीटवेव जारी रह सकती है। शुक्रवार को प्रयागराज में पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो न केवल प्रदेश बल्कि देश में भी सबसे अधिक दर्ज किया गया। राज्य के कई जिलों में लू का असर साफ नजर आया। पश्चिमी यूपी के मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर और अलीगढ़ में तेज गर्म हवाएं चलीं, वहीं पूर्वी हिस्सों में हरदोई, वाराणसी और प्रयागराज जैसे शहरों में भी तापमान और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया।

आने वाले 2-3 दिनों में ऐसे होंगे हालात

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, दोपहर के समय चलने वाली तेज हवाओं की रफ्तार अब कम हो रही है, जिसके कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। साथ ही निचले क्षोभ मंडल में बह रही गर्म हवाएं और आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात का प्रभाव भी गर्मी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले 2-3 दिनों में तापमान में और हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में रात के समय भी गर्मी बनी रह सकती है, जिससे लोगों को रात में भी राहत मिलने की संभावना कम है।

आखिर कब मिलेगी राहत?

हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कुछ राहत मिलने की संभावना भी जताई है। 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। यह सिस्टम धीरे-धीरे पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ेगा, जिससे तापमान में लगभग 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। राजधानी लखनऊ में 25 और 26 अप्रैल को लू चलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। फिलहाल प्रदेश में गर्मी का असर बरकरार रहेगा, लेकिन 27 अप्रैल के बाद मौसम में कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article