शहर

Sant Kabir Nagar News: सपा सांसद पप्पू निषाद की गाड़ी पर बरसे पत्थर, टूटा कार का शीशा, गणेश विसर्जन के दौरान मचा हंगामा

Sant Kabir Nagar News: संत कबीर नगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की कार पर पथराव का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बखिरा क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सांसद की गाड़ी को घेरकर कथित तौर पर पत्थर बरसाए, जिससे कार का शीशा टूट गया।

Image

सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद (फाइल फोटो)

Sant Kabir Nagar News: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकली शोभायात्रा के बीच सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की कार पर कथित तौर पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में सांसद की गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार देर रात बखिरा थाना क्षेत्र में अमरडोभा गांव के पास हुई। मामले को लेकर सांसद की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है।

प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद लौट रहे थे पप्पू निषाद

पुलिस के अनुसार, पप्पू निषाद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अमरडोभा गांव के पास सड़क किनारे कुछ लोग धरने पर बैठे थे। बताया जा रहा है कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली शोभायात्रा में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई से नाराज लोगों ने कथित तौर पर प्रदर्शन शुरू कर दिया था।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वाहन को घेरा, पत्थर फेंके

बताया जा रहा है कि इसी दौरान सांसद की गाड़ी वहां पहुंची तो प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वाहन को घेर लिया। आरोप है कि इसके बाद कार पर पत्थर फेंके गए, जिससे गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वक्त मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और सांसद को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला।

पथराव में कौन-कौन लोग शामिल थे इसकी जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संत कबीर नगर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि सांसद की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पथराव में कौन-कौन लोग शामिल थे। एसपी ने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के दौरान जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मौके से जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article