शहर

सपा के दिग्गज नेता और 8 बार के विधायक राम गोविंद चौधरी का निधन, CM योगी और अखिलेश यादव ने जताया शोक

Ram Govind Chaudhary Passes Away: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम गोविंद चौधरी का शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Image

वरिष्ठ सपा नेता राम गोविंद चौधरी का लखनऊ PGI में निधन (फोटो: X/@samajwadiparty/ANI)

Ram Govind Chaudhary Passes Away: उत्तर प्रदेश की राजनीति और समाजवादी पार्टी के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष राम गोविंद चौधरी का शुक्रवार रात करीब 10 बजे के बाद निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और लखनऊ के PGI में उनका इलाज जारी था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन की खबर आते ही पूरे राजनीतिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए अपना गहरा खेद और संवेदनाएं प्रकट की हैं।

सीएम योगी और अखिलेश ने लिखा भावुक पोस्ट

सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा: "उत्तर प्रदेश विधान सभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री राम गोविंद चौधरी जीका निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।"

वहीं पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा: "समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन, अत्यंत दुःखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावपूर्ण श्रद्धांजलि !"

साल 2017 में यूपी विधानसभा में बने थे नेता प्रतिपक्ष

आपको बता दें कि राम गोविंद चौधरी का नाम बलिया की स्थानीय राजनीति से लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा की राजनीति में बेहद सम्मान के साथ लिया जाता रहा है। वे एक-दो बार नहीं बल्कि आठ बार विधायक चुनकर यूपी विधानसभा पहुंचे और साल 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी बने।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article