देश

VIDEO: पंडित दीनदयाल जयंती पर युवाओं संग पीएम मोदी का अनोखा अंदाज, 'भजन क्लबिंग' में बजाई खंजड़ी

Pandit Deendayal Upadhyaya Anniversary: भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे 'भजन क्लबिंग' कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

Image

युवाओं के 'भजन क्लबिंग' ट्रेंड के मुरीद हुए प्रधानमंत्री (फोटो: X/@BJP4India)

Pandit Deendayal Upadhyaya Anniversary: भारतीय जनसंघ के विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के पावन अवसर पर दिल्ली में एक अनूठा और रंगारंग नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय के सामने स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित 'भजन क्लबिंग' (PM Modi Bhajan Clubbing) कार्यक्रम में शिरकत की। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवाओं का वह आधुनिक अंदाज था, जिसमें वे कॉन्सर्ट जैसी रंगीन रोशनी और संगीत के बीच भक्ति गानों पर थिरकते और गाते नजर आए।

पहली पंक्ति में बैठे प्रधानमंत्री मोदी भी इस सांस्कृतिक और भक्तिमय माहौल में पूरी तरह लीन दिखे। उन्होंने भगवान श्रीराम को समर्पित भजनों पर तालियां बजाईं और खुद खंजड़ी जैसा वाद्य यंत्र बजाकर युवाओं का हौसला बढ़ाया। यह नया ट्रेंड आज के युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है, जहां भक्ति और आधुनिकता का बेहद सुंदर मेल देखने को मिलता है।

क्या बोली बीजेपी?

भाजपा ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- "आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़ती देश की युवा शक्ति का यह उत्साह यह साबित करता है कि प्रधानमंत्री का 'विकास भी, विरासत भी' का मंत्र अब भारत की जीवनशैली बन चुका है। युवाओं का यह नया अंदाज दिखाता है कि हमारी सनातन परंपराएं और भक्ति संस्कृति आज के आधुनिक दौर में भी नई पीढ़ी के दिलों में बेहद खास जगह बनाए हुए हैं।"

सीएम योगी ने भी पंडित दीनदयाल को किया याद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के 'अंत्योदय' और 'एकात्म मानववाद' के दर्शन को याद किया। मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दीनदयाल उपाध्याय को 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' के प्रणेता, प्रमुख राष्ट्रवादी चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक बताया।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article