Roorkee News: रुड़की के गंगनहर कोतवाली पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए 18 वर्षीय युवक की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है। शनिवार दोपहर SSP हरिद्वार ने गंगनहर कोतवाली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि युवक की नाबालिग प्रेमिका को हिरासत में लिया गया है। इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता राजा शर्मा अभी भी फरार है।
प्रेमिका ने रची साजिश
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक, जिसका नाम दीपक रावत है, उसका प्रेम संबंध एक नाबालिग किशोरी से था, जो उसी क्षेत्र की रहने वाली है। किशोरी दीपक से शादी करना चाहती थी, लेकिन दीपक के परिवार ने इस रिश्ते को मंजूरी नहीं दी। इसके बाद किशोरी की नजदीकियां गाजियाबाद निवासी राजा शर्मा से बढ़ने लगीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
इसी दौरान किशोरी ने अपने पुराने प्रेमी दीपक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और राजा शर्मा और उसके साथी मोहसिन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के मुताबिक किशोरी ने दीपक से कहा कि उसे गाजियाबाद के पास छोटा हरिद्वार जाना है। दीपक, किशोरी को बाइक पर लेकर वहां पहुंचा, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि वह मौत के जाल में फंस चुका है।
गला दबाकर शव बहाया
छोटा हरिद्वार पहुंचने पर राजा शर्मा और मोहसिन वहां पहले से मौजूद थे। तीनों ने मिलकर दीपक रावत की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। पुलिस को 13 अगस्त को दीपक के लापता होने की सूचना दी गई थी। गहन जांच के बाद पुलिस को किशोरी और उसके नए प्रेमी पर शक हुआ। पूछताछ में मोहसिन ने हत्या की बात कबूल की। दीपक का शव हापुड़ से बरामद कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, किशोरी हिरासत में
पुलिस ने हत्या में शामिल मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया है और नाबालिग किशोरी को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि मुख्य आरोपी राजा शर्मा अभी भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
