Ranchi News: रांची में नए साल पर हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने गाइडलाइन जारी की है। डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी कौशल किशोर ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि 31 दिसंबर से 5 जनवरी तक सभी पर्यटन स्थलों पर सख्त निगरानी की जाए। इस काम के लिए 26 जगहों पर मजिस्ट्रेट और 500 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नए साल पर सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से पहली बार हाईवे पर मजिस्ट्रेट तैनात किया है।
पिठोरिया-पतरातू घाटी, रिंग रोड और रांची-टाटा रोड पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बस तेज रफ्तार कार एवं बाइक सवारों को पकड़ेंगे और उनका लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा करेंगे। अगर, कोई वाहन चालक नशे में पकड़ा जाएगा तो वाहन जब्त किया जाएगा।
पिकनिक के दौरान कोविड गाइडलाइन का भी करें पालन
जिला प्रशासन ने अपने आदेश में कहा है कि पर्यटन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। लोग मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करें। जिला प्रशासन ने भी पर्यटन स्थलों पर मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था करेगा। इसके साथ ही एंबुलेंस की तैनाती और डॉक्टरों की टीम की प्रतिनियुक्त की जाएगी।
बोटिंग करने के लिए यह शर्त माननी होगी
जिले के नदी, तालाब, डैम, फॉल आदि में बोटिंग करने के लिए इच्छुक इंसान को लाइफ जैकेट पहनना होगा। इसके बिना बोटिंग करने की इजाजत नहीं मिलेगी। बुंडू स्थित दशम फॉल, अनगड़ा स्थित जोन्हा और हुंडरू फॉल, धुर्वा, कांके और रुक्का डैम में भी गोताखोर टीम तैनात रहेगी।
इन जगहों पर हुई है मजिस्ट्रेट की तैनाती
जिला प्रशासन ने जिन 26 जगहों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं, उनमें- रॉक गार्डन, कांके डैम, सिदो-कान्हो पार्क, मछली घर, नक्षत्र वन, हटिया डैम, हुंडरू फॉल, दशम फॉल, दिउड़ी मंदिर एवं बुंडू बड़ा तालाब, सूर्य मंदिर बुण्डू, जोन्हा फॉल, गेतलसूद डैम, सीता फॉल, गौतम धारा, रुक्का डैम, ऑक्सीजन पार्क, मोरहाबादी, रांची, बिरसा मुंडा पार्क ओल्ड जेल, कैंपस। स्वर्ण रेखा नदी, मगरमच्छ प्रजनन केंद्र, मुटा, बिरसा जू, ओरमांझी, फन कैशल रातू, श्रीकृष्णा पार्क, डोरंडा, पहाड़ी मंदिर, टैगोर हिल, धुर्वा डैम और पिठोरिया घाटी। इन सभी स्थलों पर 31 दिसंबर की अल सुबह से ही मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। इन स्थलों पर नए साल में रांची के अलावा आसपास के जिलों से भारी संख्या में लोग आते हैं।
