Jharkhand News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के देवमबीर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार रात एक 56 वर्षीय व्यक्ति, जिस पर मानसिक रूप से अस्थिर महिला से दुष्कर्म का आरोप था, को ग्रामीणों ने कथित रूप से चप्पलों की माला पहनाकर पूरे इलाके में घुमाया और फिर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वह व्यक्ति शौच के लिए अपने घर से बाहर निकला था। मामले की जानकारी रविवार को पुलिस द्वारा दी गई।
लाठियों से पीट-पीटकर मारा
सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने जानकारी दी कि टेपसाई टोला के निवासी साइमन तिर्की को ग्रामीणों ने कथित रूप से पूरे इलाके में घुमाया, फिर एक कमरे में बंद कर लाठियों से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को कमरे से बरामद कर शुक्रवार को चाईबासा के सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। भेंगरा ने बताया कि साइमन तिर्की पर गांव की एक मानसिक रूप से अस्थिर महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप था, जिसके चलते महिला के परिजनों ने आक्रोश में आकर उसकी पिटाई कर दी।
मामले की जांच जारी
चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिवम प्रकाश ने बताया कि जिस व्यक्ति की पिटाई कर हत्या की गई, उस पर हमले में शामिल दो महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, मानसिक रूप से अस्थिर महिला के परिजनों ने भी उस व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
