राँची

Kudmi Andolan : झारखंड में कुड़मी समाज ने पटरियों पर डाला डेरा, रेल सेवाएं ठप, कई ट्रेनें रद्द कईयों के बदले रूट; क्या है मांग?

Kudmi Andolan : झारखंड में कुड़मी समाज के ‘रेल रोको’ आंदोलन ने धनबाद रेल मंडल में ट्रेनों के आवागमन को पूरी तरह बाधित कर दिया है। आंदोलन के कारण धनबाद से संचालित कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं, कई को बीच रास्ते में रोका गया, और कई के मार्ग परिवर्तित किए गए।

Image

कुड़मी समाज का ‘रेल रोको’ आंदोलन (फोटो-ट्विटर)

धनबाद : कुड़मी समाज के ‘रेल रोको’ आंदोलन ने धनबाद रेल मंडल में ट्रेनों के आवागमन को पूरी तरह बाधित कर दिया है। कुड़मी समाज अपनी मांगों को लेकर शनिवार सुबह से विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर प्रदर्शन कर रहा है। इस आंदोलन के कारण धनबाद से संचालित कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं, कई को बीच रास्ते में रोका गया, और कई के मार्ग परिवर्तित किए गए। कुड़मी समाज का प्रदर्शन अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा और कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर प्रशासन ने निषेधाज्ञा लागू की है, लेकिन आंदोलनकारियों का प्रदर्शन जारी है, जिससे रेल सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान कई सारी ट्रेन रद्द की गई हैं, जबकि कुछ ट्रेन बीच में रोकी गई हैं और कुछ का मार्ग परिवर्तित किया गया है।

ये ट्रेनें प्रभावित

रद्द की गई ट्रेनों में धनबाद-पटना इंटरसिटी, बरवाडीह-गोमो मेमू पैसेंजर, गोमो-बरवाडीह मेमू पैसेंजर, चंद्रपुरा-धनबाद मेमू पैसेंजर, गोमो-आसनसोल पैसेंजर और सिंदरी-धनबाद पैसेंजर शामिल हैं। इसके अलावा, धनबाद-सासाराम इंटरसिटी को गोमो, पटना-बरकाकाना एक्सप्रेस को टोरी, आसनसोल-हटिया पैसेंजर को हजारीबाग टाउन और आसनसोल-वाराणसी मेमू एक्सप्रेस को मुगमा में रोका गया। वहीं, दुमका-रांची बाबाधाम एक्सप्रेस बराकर तक, वर्दमान-हटिया मेमू एक्सप्रेस आसनसोल तक, पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस कोडरमा तक और पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस गया तक चली।

न्यूज एजेंसी आईएनएस के मुताबिक, जिन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित हुआ, उनमें जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस, बीकानेर-सियालदह दुरंतो एक्सप्रेस, अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस, नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस, वाराणसी-आसनसोल मेमू एक्सप्रेस, हावड़ा-रांची शताब्दी एक्सप्रेस और सियालदह-गांधीधाम स्पेशल ट्रेन शामिल हैं।

बता दें कि इस आंदोलन से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशनों पर अफरा-तफरी का माहौल है, और कई यात्री बीच रास्ते में फंसे हुए हैं। रेलवे प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी नहीं होने तक प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक व्यवस्था करने और रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर ट्रेनों की स्थिति जांचने की अपील की है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article