राँची

झारखंड में व्यक्ति की मौत से हड़कंप; डायन-भूत और अंधविश्वास ने बनाया भाई-भतीजों को हत्यारा

झारखंड के सरायकेला जिले के चौका थाना क्षेत्र में 57 वर्षीय सोयना मुंडा की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच के बाद मृतक के भाई और दो भतीजों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह हत्या जादू-टोना और अंधविश्वास के चलते की गई थी।

Image

झारखंड में अंधविश्वास के चलते परिवार के लोगों ने की व्यक्ति की हत्या (फोटो: Canva)

Jharkhand Murder Case: झारखंड के सरायकेला जिले के चौका थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस ने सोयना मुंडा के भाई और दो भतीजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में पता चला कि 57 वर्षीय सोयना मुंडा की हत्या जादू-टोना और अंधविश्वास के कारण की गई थी। यह घटना 6 नवंबर को ग्राम मुटुदा में हुई थी, जहां मृतक का क्षत-विक्षत शव गांव में ही पाया गया था। घटना के बाद सोयना मुंडा के भाई हागड़ो मुंडा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चौका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

हागड़ो मुंडा ने पुलिस को यह जानकारी दी थी कि उसके भाई की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने की है। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कई पहलुओं पर संदेह हुआ। तकनीकी डेटा और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर गहन पूछताछ के बाद मामले की पूरी तस्वीर सामने आई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सोयना मुंडा की हत्या किसी बाहरी दुश्मनी या हमले के कारण नहीं हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के भाई हागड़ो मुंडा ने अपने दो भतीजों पगला मुंडा और मोहन मुंडा के साथ मिलकर सोयना मुंडा की हत्या की। जांच में सामने आया कि यह हत्या डायन-भूत और अंधविश्वास पर आधारित थी। आरोपियों को यह भ्रम था कि सोयना मुंडा उनके परिवार पर "काला जादू" कर रहा है और इसी डर और अंधविश्वास के चलते उन्होंने मिलकर उस पर हमला किया।

घटना के बाद तीनों आरोपियों ने हत्या को बाहरी हमले के रूप में दिखाने के लिए पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मोहन मुंडा ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लकड़ी के हत्थे वाला लोहे का फरसा बरामद किया, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!