राँची

Jharkhand Extreme Rain: मूसलाधार बारिश ने मचाई तबाही, पानी का सैलाब लेकर नदियां आईं, कई पुल बहे; 10 लोगों की मौत

Jharkhand Flood: झारखंड में मानसून की एंट्री के बाद बादलों ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। मूसलाधार बारिश से प्रभावित 10 लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए। जल सैलाब से नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई पुल बह गए हैं और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को सुरक्षित करने का प्रयास कर रही है। आईएमडी ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी की है।

Image

झारखंड में भारी बारिश से बाढ़

Jharkhand Monsoon Rain: दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देते ही झारखंड के विभिन्न हिस्सों में पिछले 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश हो रही है। अत्यधिक पानी गिरने से अलग-अलग हादसों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। रांची, हजारीबाग, रामगढ़, जमशेदपुर, चतरा, सिमडेगा जैसे शहरों में सड़कें पानी में डूब गई हैं। पुल बहने, मकान गिरने, कुआं धंसने, वज्रपात और सड़क हादसे जैसी 20 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई जगहों पर पानी की तेज धार में फंसे लोगों के रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ की टीमें उतारनी पड़ी हैं।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

राज्य सरकार ने बुधवार को ही रांची, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी और गुमला जिले में रेड अलर्ट और रामगढ़, कोडरमा, चतरा, पलामू और गढ़वा में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया था। इन जिलों में ज्यादातर नदियां उफान पर हैं और कुछ जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। लोगों से अपील की गई है कि आवश्यक कार्य न हो तो शुक्रवार तक घरों से बाहर न निकलें।

रांची सहित कई जिलों में स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड के सोमर बाजार मोहल्ले में एक अर्धनिर्मित कुएं की मिट्टी अचानक धंसने से पास में खेल रहे दो बच्चे अंदर समा गए। उन्हें बचाने के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की ओर से 22 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला, लेकिन गुरुवार दोपहर जब दोनों बच्चों को निकाला गया तो उनकी सांसें थम चुकी थीं। मृत बच्चों के नाम अमित हुन्नी पूर्ति और आशीष टोपनो हैं।

खूंटी जिला अंतर्गत तोरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोड़मा गांव में गुरुवार को एक कच्ची दीवार के गिरने से उसके नीचे दबकर 19 वर्षीय युवक राजकुमार मांझी की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ, जब राजकुमार घर में कच्ची छत से गिर रहे पानी को बंद करने के लिए मरम्मत के काम में जुटा था।

पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के चक्रधरपुर में बारिश के कारण एक मिट्टी का घर ढह गया, जिसमें दबने से एक महिला गुरुबारी दोंगो की मौत हो गई और तीन बच्चे घायल हो गए। रांची जिले के तमाड़ में भी घर गिरने से छह साल की एक बच्ची की मौत हो गई है। खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र में सोनपुर और डोरेया के बीच करकरी नदी पर बुधवार शाम जलस्तर बढ़ने के कारण निर्माणाधीन पुल पर छह मजदूर फंस गए हैं। मजदूर बुधवार पूरी रात पुल पर ही फंसे रहे। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।

रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के सपाही नदी के आसपास के इलाके पानी में डूब गए हैं। यहां पानी में फंसे 25 से अधिक लोगों को रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। सिमडेगा-खूंटी के बीच पेलोल गांव में बनई नदी पर पुल बारिश की वजह से ध्वस्त हो गया। इसके कारण सिमडेगा के रास्ते ओडिशा का संपर्क भंग हो गया है। टूटे पुल पर एक ट्रक भी फंस गया है।

पानी में बहा ट्रक

लातेहार के बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में तेतरियाखांड कोलियरी में एक ट्रक पानी के साथ बहकर नदी में जा गिरा। जमशेदपुर में टाटा-रांची मुख्य मार्ग पर पारडीह काली मंदिर के पास से गुजरने वाला बोड़ाम-पटमदा मार्ग पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। रामगढ़ के रजरप्पा में भारी बारिश से भैरवी नदी में उफान की वजह से कई दुकानें डूब गई हैं। हजारीबाग के बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र में पानी भरी सड़क पर एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। इसके पहले बुधवार को जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में तीन सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई थी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!