राँची

Jharkhand News: दुमका में दिल दहलाने वाली घटना, घर में मृत मिले एक परिवार के चार लोग

Jharkhand Crime News: झारखंड के दुमका में एक घर में दंपति और दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी। जिसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Jharkhand Crime News: झारखंड के दुमका जिले में हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि यह सामूहिक हत्या या आत्महत्या का मामला हो सकता है। रविवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची और उसके घर की तलाशी ली, तो अंदर महिला और दो बच्चों के शव बरामद हुए। तीनों के गले में रस्सी बंधी हुई पाई गई।

मृतकों में बीरेंद्र मांझी (32), उनकी पत्नी आरती कुमारी (28) और दो छोटे बच्चे रोही (5) और विराज (3) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि बीरेंद्र ने देर रात पहले पत्नी और बच्चों की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की, उसके बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा।

कई दिनों से मायके में थी पत्नी

जानकारी के मुताबिक, आरती कुमारी कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थीं। शनिवार को ही बीरेंद्र उन्हें और बच्चों को घर लेकर लौटे थे। रविवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए, तो उन्होंने बीरेंद्र का शव देखा। इसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर के अंदर तीनों शवों को बरामद किया। तीनों के गले पर रस्सी के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक दल और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है।

रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी

टीम ने घटनास्थल से जरूरी सैंपल एकत्रित किए हैं। पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और आर्थिक परिस्थितियों जैसे बिंदुओं को भी शामिल किया गया है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!