Dhanbad Latest News: झारखंड के धनबाद शहर में मंगलवार (31 जनवरी, 2023) को दर्दनाक हादसा हो गया। बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के शक्ति मंदिर के बगल में बने आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। हादसे में 14 लोगों की जान चली गई। शहर के डिप्टी कमिश्नर ने इस बारे में समाचार एजेंसी एएनआई को बताया- मरने वाले 14 लोगों में 10 महिलाएं और तीन बच्चे भी थे।
अफसरों के अनुसार, आग रिहायशी अपार्टमेंट में शाम को लगी थी। पुलिस ने घटना के बाद बताया था कि कुछ लोग वहां फंस गए थे, जिनके लिए आनन-फानन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था। वहीं, चश्मदीदों ने बताया कि जिस घर में आग लगी, उनके घर पर शादी थी। 31 जनवरी को ही सिद्धि विनायक होटल में पार्टी थी, लेकिन आग की वजह से खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
वैसे, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। राहत और बचाव कार्य के दौरान बैंक मोड़ थानेदार पीके सिंह भी झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जबकि दो दर्जन लोगों को टावर से निकालकर बेहोशी की हालत में इलाज के लिए पास के अस्पताल भेजा गया। इनमें से कुछ की स्थिति गंभीर देखते हुए एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया।
उधर, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा- धनबाद के आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में आग लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत मर्माहत करने वाली है। जिला प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर कार्य किया गया। फिलहाल हादसे में घायल लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
अगले ट्वीट में उन्होंने यह भी बताया, मैं खुद पूरे मामले को देख रहा हूं। परमात्मा दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। घायलों को शीघ्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कार्य किया जा रहा है।
