Ranchi Police Encounter: झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस और कुख्यात सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े अपराधियों के बीच सोमवार सुबह तुपुदाना-बालसिरिंग इलाके में मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह से जुड़ा अपराधी आफताब गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपराधी बड़ी वारदात को देने वाले थे अंजाम
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, रांची एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि सुजीत सिन्हा गैंग के अपराधी बालसिरिंग इलाके में किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने एक विशेष टीम गठित कर तुपुदाना क्षेत्र में भेजी। पुलिस की टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आफताब को पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। दो अन्य अपराधियों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से कई हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
रंगदारी वसूलने के लिए फैलाई दहशत
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी राकेश रंजन, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और हटिया डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस जांच में पता चला है कि घायल अपराधी आफताब एक हफ्ता पहले डोरंडा के कुसई कॉलोनी स्थित सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर हुई गोलीबारी में शामिल था। उस घटना को शहर में दहशत फैलाने और स्थानीय कारोबारियों से रंगदारी वसूली के उद्देश्य से अंजाम दिया गया था। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह सुजीत सिन्हा के इशारे पर बिल्डरों और व्यापारियों से रंगदारी वसूली के लिए लगातार दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ रांची पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। उनके पास दो ऑप्शन है या तो आत्मसमर्पण कर दें या पुलिस की गोली खाने को तैयार रहें। इसके पहले 10 अक्टूबर को भी खलारी थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस मुठभेड़ में पुलिस की गोली से गैंग के दो सदस्य साजन अंसारी और अमित गुप्ता घायल हुए थे, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए थे।
(इनपुट - आईएएनएस)
