बिजनेस

पत्नी के नाम पर गोल्ड खरीदने पर किसे देना होगा टैक्स, पति या पत्नी?

धनतेरस और दिवाली पर पत्नी के नाम पर सोना खरीदना आम बात है। लेकिन अगर गोल्ड खरीदने के लिए पैसे पति ने दिए हैं, तो क्या टैक्स भी उन्हें ही देना होगा?

Image

पत्नी के नाम पर गोल्ड खरीदने पर किसे देना होगा टैक्स, पति या पत्नी?

भारत में धनतेरस और दिवाली जैसे त्योहारों पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। कई परिवारों में पति अपनी पत्नी के नाम पर सोने के गहने, सिक्के या गोल्ड बार खरीदते हैं। कई बार सोने का बिल पत्नी के नाम पर बनता है, लेकिन उसका भुगतान पति अपनी कमाई से करता है। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर भविष्य में इस सोने को बेचा जाता है और मुनाफा होता है, तो इनकम टैक्स किसे देना होगा? क्या पत्नी के नाम पर सोना खरीदने से पति की टैक्स देनदारी खत्म हो जाती है? इनकम टैक्स के नियमों के मुताबिक, इसका जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि सोना खरीदने के लिए पैसे किसने दिए हैं।

पति ने पैसे दिए तो किसके नाम जुड़ेगा टैक्स?

अगर पति अपनी कमाई से पत्नी के लिए सोना खरीदता है या उसे पैसे गिफ्ट करता है और पत्नी उन पैसों से गोल्ड खरीदती है, तो सिर्फ पत्नी के नाम पर बिल होने से टैक्स की जिम्मेदारी उनकी नहीं हो जाती। इनकम टैक्स एक्ट 2025 के सेक्शन 99 के तहत क्लबिंग ऑफ इनकम के नियम लागू हो सकते हैं। इसका मतलब है कि पत्नी के नाम पर खरीदे गए सोने को बेचने से होने वाला मुनाफा पति की इनकम में जोड़ा जा सकता है। हालांकि, सोना खरीदते समय ही कोई अलग से इनकम टैक्स नहीं लगता। पति से पत्नी को मिलने वाला गिफ्ट भी टैक्स फ्री होता है, क्योंकि पति-पत्नी इनकम टैक्स के नियमों में रिश्तेदार माने जाते हैं। लेकिन गिफ्ट में मिले पैसों से खरीदी गई संपत्ति को बेचकर होने वाला मुनाफा टैक्स के दायरे में आ सकता है।

पत्नी की अपनी कमाई से खरीदा सोना तो क्या होगा?

अगर पत्नी नौकरी करती हैं या उनका अपना बिजनेस है और वह अपनी कमाई से सोना खरीदती हैं, तो इस पर क्लबिंग के नियम लागू नहीं होंगे। ऐसे में सोना बेचने पर होने वाला मुनाफा पत्नी की इनकम माना जाएगा और उन्हें ही नियमों के मुताबिक टैक्स देना होगा। इसी तरह, पति की ओर से घर के खर्च के लिए मिलने वाले सामान्य भत्ते यानी पिन मनी से खरीदे गए सोने पर भी परिस्थितियों के अनुसार क्लबिंग के नियम लागू नहीं हो सकते।

सोना बेचने पर कितना देना होगा टैक्स?

सोने को कितने समय तक अपने पास रखा गया है, इससे भी टैक्स तय होता है। अगर सोना खरीदने के 24 महीने के भीतर बेच दिया जाता है, तो उससे होने वाला मुनाफा शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन माना जाएगा। इस पर संबंधित व्यक्ति के इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगेगा। वहीं, 24 महीने से ज्यादा समय बाद सोना बेचने पर मुनाफा लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन माना जाएगा। इस पर बिना इंडेक्सेशन के 12.5 फीसदी टैक्स लगता है। अगर सोना पति के पैसों से खरीदा गया था और क्लबिंग के नियम लागू होते हैं, तो यह मुनाफा पति की इनकम में जोड़ा जाएगा।

सोना खरीदते समय इन दस्तावेजों को रखें संभालकर

अगर आप पत्नी के नाम पर सोना खरीद रहे हैं, तो खरीदारी का बिल, पेमेंट की रसीद और बैंक स्टेटमेंट जरूर संभालकर रखें। अगर पति ने पैसे ट्रांसफर किए हैं, तो उसका बैंक रिकॉर्ड और गिफ्ट से जुड़े दस्तावेज भी सुरक्षित रखें। इससे इनकम टैक्स विभाग की ओर से सवाल पूछे जाने पर पैसे के स्रोत की जानकारी दी जा सकती है। खासतौर पर बड़ी रकम का सोना खरीदते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि खरीदारी का पैसा कहां से आया है। सिर्फ पत्नी के नाम पर गोल्ड खरीद लेने से टैक्स बचाने का फायदा नहीं मिलता।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article