राँची

Best Places to Visit Ranchi: रांची में देवड़ी मंदिर समेत इन मंदिरों में माथा टेक लोग करते हैं नए साल की शुरुआत, मां देवड़ी के भक्त हैं धोनी भी

Best Places to Visit Ranchi: रांची प्राकृतिक स्थलों के अलावा धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां कई प्राचीन मंदिर हैं, जिनसे झारखंड के अलावा कई राज्यों के लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। नए साल पर यहां लोग पूजा-पाठ करने आते हैं। इनमें से एक है देवड़ी मंदिर। यहां साल भर पूजा करने वालों का तांता लगा रहता है। नव वर्ष के पहले दिन मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है।

Image

देवड़ी मंदिर से रांची समेत पूरे झारखंड के लोगों की जुड़ी है आस्था

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • रांची-टांटा हाईवे पर तमाड़ में स्थापित है मंदिर
  • मंदिर करीब 700 साल पुराना है
  • मां काली की 16 भुजाओं की साढ़े तीन फीट की है मूर्ति

Ranchi News: नए साल पर बहुत बड़ी संख्या में लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं। इनमें ज्यादातर लोग उन मंदिरों में पूजा करना चाहते हैं, जिसकी बड़ी मान्यता है। रांची में सबसे प्रसिद्ध एवं मान्यता वाला मंदिर देवड़ी मंदिर है। मां देवड़ी मंदिर में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी अक्सर पूजा करने पहुंचते हैं। मंदिर रांची शहर से 60 किलोमीटर दूर है। यह रांची-टाटा हाईवे पर तमाड़ में बना हुआ है। मंदिर करीब 700 साल पुराना है। 16 भुजाओं वाली मां काली की साढ़े तीन फीट ऊंची मूर्ति है। यह मूर्ति ओडिशा की मूर्ति कला पर बनी है। जानकार बताते हैं कि मंदिर की स्थापित 1300 ई के आस-पास की गई थी।

सपने में एक भक्त को दिखा था मंदिर

देवड़ी मंदिर के पुजारी के मुताबिक किसी ने मंदिर का निर्माण होते नहीं देखा है। एक भक्त को सपना आया की देवड़ी माता मंदिर जंगल की झाड़ियों में है। जब लोग वहां गए तो देखा की झाड़ियों के बीच देवड़ी माता का मंदिर बना हुआ है। वैसे मंदिर से जुड़ी एक कहानी यह भी है कि तमाड़ के राजा ने युद्ध में हारने के बाद मंदिर बनवाया था। मंदिर की स्थापना के बाद राजा को उनका राज्य हासिल हो गया था।

माता सिंहवाहिनी मां दुर्गा का है स्वरूप

विशेष बात है कि मंदिर के दरवाजे भी पत्थर के बने हुए हैं। यहां मां दुर्गा के सिंहवाहिनी स्वरूप का दर्शन श्रद्धालु करते हैं। मंदिर में क्रिकेटर धोनी के अलावा बड़े-बड़े राजनेता और बिजनेसमैन भी पूजा-अर्चना करने के लिए आते हैं।

पहाड़ी मंदिर से लोगों की गहरी आस्था

रांची शहर में करीब एक दर्जन बड़े मंदिर हैं। पहाड़ी मंदिर, हिनू हनुमान मंदिर, जगन्नाथपुर मंदिर, चुटिया श्रीराम मंदिर, मेन रोड काली मंदिर व हनुमान मंदिर, कांके रोड राम मंदिर, सेक्टर तीन दुर्गा मंदिर, तपोवन मंदिर, रानी सती मंदिर, अग्रसेन पथ श्री श्याम मंदिर, रिम्स दुर्गा मंदिर, हरमू रोड श्रीराम मंदिर आदि हैं। इनमें से आस्था का सबसे बड़ा केंद्र पहाड़ी मंदिर है। यहां नए साल के पहले दिन करीब 50,000 लोग पूजा करने के लिए आते हैं। सुबह 3:30 बजे ही मंदिर का द्वार खोल दिया जाता है। देर शाम तक लोग पूजा-अर्चना करते रहते हैं। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर विकास समिति की ओर से प्रसाद वितरित किया जाता है। यहां खिचड़ी का भोग लगाया जाता है।

वेंकटेश मंदिर में रांची के आसपास के भी लोग आते हैं दर्शन करने

रातू रोड स्थित वेंकटेश मंदिर में भी काफी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यहां सुबह के समय महाभिषेक होता है। इससे लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। भगवान विष्णु के बालाजी रूप का दर्शन करने के लिए रांची के अलावा आसपास के क्षेत्र से लोग आते हैं।

Times Now Digital
Times Now Digitalauthor

Professionals & enthusiasts who write about politics to science, from economy to education, from local issues to national events and global affairs, they have you covered.

और पढ़ें
End of Article