Ranchi Minor Gang Rape Case: रांची के रातू थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें नौ लोगों ने कथित रूप से एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को कई स्थानों पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य चार की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि लड़की की चिकित्सकीय जांच भी कराई गई है और मामले में पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। रातू थाने के प्रभारी रामनारायण सिंह ने बताया कि घटना उस समय हुई जब लड़की रात के वक्त कहीं से घर लौट रही थी, तभी आरोपियों ने इस संगीन अपराध को अंजाम दिया।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले तमाड़ इलाके में भी इसी तरह की घटना हुई थी, जिसमें एक युवती को उसके मौसेरे भाई ने मेला देखने के बहाने बुलाया और अन्य युवकों ने उसका अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। उस मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें दो नाबालिग शामिल थे, जबकि चार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
(इनपुट - भाषा)
