शहर

Rajasthan Accident: बूंदी में बजरी से लदा ट्रेलर कार पर पलटा; चार की मौत, एक घायल

Bundi News: राजस्थान के बूंदी जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। पुलिस के अनुसार, बजरी से भरे ट्रेलर का टायर अचानक फटने से वाहन असंतुलित होकर सामने से आ रही एसयूवी से टकरा गया और पलटकर कार पर गिर गया।

Image

क्रेन की मदद से हटाई जा रही गाड़ी (स्क्रीनग्रैब: ANI)

Photo : ANI

Bundi News: राजस्थान के बूंदी जिले में गुरुवार देर रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिलोर पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर हुआ। सभी लोग कार से कोटा जा रहे थे।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, कोटा-बूंदी-जयपुर फोरलेन हाईवे पर बजरी से लदा एक ट्रेलर तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर का टायर अचानक फट गया। संतुलन बिगड़ने से ट्रेलर सामने से आ रही एक एसयूवी से टकरा गया और पलटकर कार के ऊपर गिर गया। ट्रेलर के नीचे दबने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में मोइनुद्दीन (60), फरीउद्दीन (45), आजमीउद्दीन (40) और उनके रिश्तेदार सैफुद्दीन (28) की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक टोंक जिले के निवासी थे। सैफुद्दीन के पिता वसीउद्दीन (64) को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।

जन्मदिन समारोह में जा रहा था परिवार

बूंदी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने बताया कि हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ। कार में सवार पांचों लोग कोटा में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। कुछ समय तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में टायर फटना हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article