शहर

कातिल बेटी! अनुकंपा नौकरी के लिए मां की करवाई हत्या; CCTV फुटेज देख सहम जाएंगे आप, अबतक 7 गिरफ्तार

Jaipur Murder Mystery: जयपुर से एक ऐसा मामला सामने आया, जहां बेटी पर अनुकंपा नियुक्ति की लालच में अपनी मां की हत्या कराने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया कि बेटी ने मां की हत्या के लिए 7 लाख रुपये की सुपारी दी थी।

Image

अनुकंपा नौकरी की लालच में बेटी ने मां की करवाई हत्या

Photo : Times Now Digital

Jaipur Murder Mystery: राजधानी जयपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले सड़क हादसे में हुई 45 वर्षीय महिला की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए जयपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या की साजिश मृतका की अपनी बेटी ने ही अनुकंपा नियुक्ति पाने के लालच में रची थी। मामले में पुलिस ने मृतका की बेटी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

CCTV फुटेज आया सामने

जयपुर डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि 4 जुलाई को प्रतापनगर थाना इलाके में 45 वर्षीय नीरज शर्मा की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हुई थी। शुरुआती तौर पर इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तो खुलासा हुआ कि महिला की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी।

7 लाख रुपये की दी गई थी सुपारी

पुलिस के मुताबिक, हत्या को अंजाम देने के लिए पांच बदमाशों को सात लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। आरोपियों ने करीब दो महीने तक महिला की गतिविधियों की रेकी की। इससे पहले भी महिला को वाहन से टक्कर मारकर हत्या करने का प्रयास किया गया था, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। आखिरकार 4 जुलाई को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से कुचलकर नीरज शर्मा की हत्या कर दी गई और इसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

जांच में सामने आया कि मृतका नीरज शर्मा सरकारी कर्मचारी थीं। उनके पति भी सरकारी सेवा में थे, जिनकी करीब एक वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। पति के निधन के बाद नीरज शर्मा को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। पुलिस के अनुसार, उनकी 23 वर्षीय बेटी आयुषी खुद अनुकंपा नौकरी पाना चाहती थी। इसी लालच में उसने अपनी मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस का कहना है कि इस साजिश में आयुषी के अलावा उसके ताऊ, ताऊ का बेटा और अन्य लोग भी शामिल थे। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक संपत्ति विवाद की आशंका भी सामने आई है। इस पहलू की भी गहन जांच की जा रही है।

बेटी समेत 7 गिरफ्तार

अब तक पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें मृतका की बेटी और जेठ भी शामिल हैं। वहीं, जेठ का बेटा बलराम अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह वारदात न केवल एक सुनियोजित हत्या का मामला है, बल्कि अनुकंपा नियुक्ति और पारिवारिक लालच के लिए रिश्तों के कत्ल की भी दर्दनाक मिसाल बनकर सामने आई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें