जयपुर/बालोतरा : राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बालोतरा जिले में एक भू-अभिलेख निरीक्षक (Revenue Inspector) को 20,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान तहसील गुड़ामालानी के सर्किल नगर में पदस्थापित भू-अभिलेख निरीक्षक नारायणलाल के रूप में हुई है। एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को बताया था कि उसके पिता की कृषि भूमि की नेखमबंदी (सीमांकन) करने के बदले आरोपी अधिकारी 26,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई और उसे रंगे हाथ मौके से गिरफ्तार कर लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -डेढ़ करोड़ की डील का खेल! TET पेपर लीक मामले में हरियाणा-बिहार कनेक्शन, प्रश्नपत्र, मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड बरामद
26 हजार रुपये में थी सेटिंग
शनिवार को कार्रवाई के दौरान आरोपी ने परिवादी और सह-परिवादी से 26,000 रुपये लिए। इसी दौरान सह-परिवादी के आग्रह पर उसने 5,500 रुपये वापस कर दिए। इसके बाद जैसे ही आरोपी ने शेष 20,500 रुपये रिश्वत के तौर पर स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - मुहर्रम जुलूस में दर्द की दवा बता बांट रहा था मौत की खुराक; एक साल में 19 बार की ईरान-ईराक की यात्रा, ऐसे गिरफ्तार हुआ फैयाज
ऐसे पकड़ा गया अधिकारी
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक जांच में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद ही ट्रैप की कार्रवाई की गई थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह कार्रवाई एसीबी बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार अणखिया के नेतृत्व में की गई। आरोपी के अन्य ठिकानों की भी जांच की जा रही है।
