शहर

राजस्थान का मौसम (9 Mar 2026) Rajasthan Weather Today: मरुधरा में गर्मी का तांडव, सामान्य से 10 डिग्री ऊपर पहुंचा पारा; हीटवेव का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 9 Mar 2026: राजस्थान में मार्च में ही भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। पिलानी में तो तापमान सामान्य से 10.8 डिग्री अधिक दर्ज हुआ है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (9 Mar 2026): राजस्थान में फाल्गुन के महीने में ही जेठ की तपिश का अहसास होने लगा है। आमतौर पर मार्च के शुरुआती दिनों में जो मौसम खुशनुमा रहता था, उसने इस बार रौद्र रूप धारण कर लिया है। मरुधरा के कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब या उससे पार पहुंच चुका है, जिसने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

पिलानी और बाड़मेर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

राजस्थान के शेखावाटी और थार रेगिस्तान वाले इलाकों में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 10.8 डिग्री अधिक है। वहीं, सरहदी जिले बाड़मेर में पारा 39.8 डिग्री तक पहुंच गया है। जैसलमेर, जोधपुर और फलोदी जैसे शहरों में भी सूरज के तेवर तीखे बने हुए हैं, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है।

हीटवेव का अलर्ट

मौसम केंद्र जयपुर ने चेतावनी जारी की है कि अगले 48 घंटों में राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव (लू) की स्थिति बन सकती है। 9 और 10 मार्च को जोधपुर संभाग के जिलों में गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। वातावरण में नमी का स्तर गिरकर 15 से 40 प्रतिशत के बीच रह गया है, जिसका मतलब है कि हवा बेहद शुष्क और गर्म हो चुकी है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह सूखा रहेगा, जिससे राहत की उम्मीद कम है।

न्यूनतम तापमान में उछाल

दिन की चिलचिलाती धूप के साथ-साथ अब राजस्थान की रातें भी गर्म होने लगी हैं। माउंट आबू को छोड़कर, जहां न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री रहा, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात का पारा 15 से 22 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। यह सामान्य से 2 से 6 डिग्री अधिक है। जयपुर, अजमेर और कोटा जैसे शहरों में अब रात के समय भी हल्की बेचैनी और गर्मी का अहसास होने लगा है, जिसके कारण लोगों ने पंखे और एयर कंडीशनर (AC) का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

11 मार्च के बाद बदल सकता है मिजाज

तपती गर्मी के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, 11-12 मार्च के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!