राजस्थान में आज का मौसम (9 April 2026): राजस्थान में बेमौसम बारिश का दौर अब थम गया है। बीते कई दिनों से यहां झमाझम बारिश हो रही है। इसके अलावा कहीं आंधी-तूफान तो कहीं ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार एक के बाद एक लगातार एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यहां के मौसम में उलटफेर देखने को मिल रहा था। फिलहाल कोई वेदर सिस्टम एक्टिव न होने के कारण बारिश पर पूरी तरह से ब्रेक लग गया है। जिसके बाद अब गर्मी में तेजी से बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
राजस्थान में 9 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम (Rajasthan Weather Today)
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। आज कहीं भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दिन में तेज धूप खिली रहेगी, जिसके चलते तापमान में उछाल देखने को मिल सकता है। साथ ही लोगों को गर्मी भी परेशान कर सकती है। IMD के अनुसार आगामी 4-5 दिनों तक राजस्थान में कहीं भी बारिश का कोई अनुमान नहीं है। इस दौरान सभी जगहों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
राजस्थान में तापमान में आएगा उछाल
9 अप्रैल से राजस्थान में तापमान में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। आंधी-बारिश के कारण अधिकांश हिस्सों में वर्तमान में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है। लेकिन अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने की संभावना है। बीतें 24 घंटे के दौरान राजस्थान का सबसे गर्म जिला चित्तौड़गढ़ रहा, जहां का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी समय में राज्य का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
राजस्थान में कहां-कहां हुई बारिश
राजस्थान में बुधवार को कई जगहों पर बारिश भी दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में करौली, अजमेर, भीलवाड़ा, फलोदी, टोंक, झुंझुनूं और अलवर में हल्के बादल छाए रहे। साथ ही कुछ जगहों पर पानी भी बरसा। इस दौरान करौली के टोडाभीम में 4 मिमी, झुंझुनूं के सुजानगढ़ व बुहाना में 2-2 मिमी, फलोदी के लोहावट में 5 मिमी बारिश और जयपुर के कोटपूतली क्षेत्र में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
