दिल्ली में आज का मौसम (9 April 2026): दिल्ली-एनसीआर में बीते दो दिनों से जारी बारिश के दौर से मौसम सुहावना हो गया। खासतौर पर सुबह-शाम मौसम कूल-कूल हो गया है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। जिसके बाद 7 अप्रैल को तीन साल में दिल्ली का इस माह का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ। वहीं बुधवार को इस सीजन की दूसरी सबसे ठंडी सुबह रही। लेकिन अब बारिश पर ब्रेक लग गया है। जिसके साथ ही अब गर्मी भी बढ़ेगी। मौसम साफ होने के बाद तापमान में तेजी से उछाल देखने को मिल सकता है। दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा मौसम रहेगा, आइए जानते हैं।
दिल्ली में 9 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय तेज हवाएं चल रही थी, जिसके चलते खुशनुमान मौसम के साथ दिन की शुरुआत हुई। आज कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है। बादलों की गैरमौजूदगी के चलते दिन में तेज धूप खिलने की संभावना है। ऐसे में तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है, साथ ही गर्मी का एहसास भी बढ़ेगा। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
