शहर

राजस्थान का मौसम (5 Feb 2026) Rajasthan Weather Today: फतेहपुर में पारा 6 डिग्री के नीचे पहुंचा, उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई गलन; जानें कब मिलेगी राहत

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 5 Feb 2026: राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर खत्म होते ही उत्तरी हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। शेखावाटी समेत कई जिलों में पारा लुढ़ककर सिंगल डिजिट में पहुंच गया है। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

8 फरवरी के बाद बदलेगा राजस्थान का मौसम

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (5 Feb 2026): राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ते ही एक बार फिर सर्दी तेज हो गई है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से बुधवार को जयपुर, सीकर, पिलानी, चूरू, नागौर जैसे कई शहरों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। खासकर शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया, जिससे सुबह और रात की ठंड ज्यादा चुभने लगी है।

शेखावाटी में ठंड का जोर, फतेहपुर रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में दर्ज किया गया, जहां पारा करीब 5.9 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां दिन का तापमान लगभग 29.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

कई जिलों में कोहरा और हल्की धुंध

उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर और सीकर जैसे जिलों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग में सुबह के समय धुंध देखी गई। कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा भी दर्ज किया गया, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में हवा में नमी की मात्रा 20 से 60 प्रतिशत के बीच रही। पूरे राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश या ओलावृष्टि की कोई गतिविधि दर्ज नहीं की गई।

अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, आने वाले दो से तीन दिनों तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्यतः साफ बना रहेगा। हालांकि उत्तर-पूर्वी राजस्थान, खासकर भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना फिलहाल नहीं है।

8 फरवरी के बाद बदलेगा मौसम का रुख

मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तरी हवाओं की रफ्तार धीरे-धीरे कम होगी, जिससे सुबह-शाम की तेज सर्दी से राहत मिलने लगेगी। कुल मिलाकर, राजस्थान में अभी गुलाबी ठंड का दौर जारी है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले सप्ताह में मौसम धीरे-धीरे बसंत की ओर बढ़ेगा। फिलहाल लोगों को सुबह और रात के समय सर्दी से सतर्क रहने की जरूरत है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article