शहर

राजस्थान का मौसम (21 Jan 2026) Rajasthan Weather Today: राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट, फिर लौटेगी तेज ठंड; घना कोहरा बनेगा परेशानी

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21 Jan 2026: राजस्थान में मंगलवार को पाली सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। जिसके बाद तेज ठंड का प्रकोप फिर से देखने को मिल सकता है।

Image

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में आज का मौसम (21 Jan 2026): राजस्थान में मौसम करवट बदलने वाला है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में इस हफ्ते बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस वेदर सिस्टम का सबसे ज्यादा असर बीकानेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। इसका प्रभाव खत्म होने के बाद एक बार फिर सर्दी जोर पकड़ने वाली है। तेज ठंड के साथ ही घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। मंगलवार को भी राजस्थान के 10 से अधिक जिलों में घना कोहरा दर्ज किया गया। इस दौरान जयपुर, भिवाड़ी, बीकानेर, कोटा समेत कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर से कम दर्ज हुई।

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में आज पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 22 से 24 जनवरी के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से 22 जनवरी को 6 जिलों और 23 जनवरी को 10 जिलों में आंधी-बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले भी पड़ सकते हैं। 26 से 28 जनवरी के दौरान एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होने का पूर्वानुमान है।

26 जनवरी को राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

IMD के अनुसार राजस्थान में 24-25 जनवरी को अधिकतर भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। साथ ही कहीं-कहीं घना कोहरा छाने का भी अनुमान है। 26 जनवरी को जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

राजस्थान में पाली रहा सबसे ठंडा

राजस्थान में पिछले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। जिसके कारण जयपुर, पिलानी, चूरू, सीकर, करौली, फतेहपुर, अलवर और दौसा में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। मंगलवार को राजस्थान का सबसे ठंडा क्षेत्र पाली रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सबसे अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में रहा। मंगलवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे के दौरान जयपुर में कई जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि शेष राज्य में मौसम शुष्क ही दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article