शहर

राजस्थान का मौसम (11 Feb 2026) Rajasthan Weather Today: राजस्थान में सूरज के तीखे हुए तेवर, पारा पहुंचा 30 डिग्री के पार; जानें अगले 7 दिनों के मौसम का हाल

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 Feb 2026: राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर खत्म होने के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के 7 शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, वहीं बाड़मेर में तापमान 31 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। आइए जानते हैं आपके शहर में सर्दी कब तक रहेगी और आने वाले एक हफ्ते में मौसम विभाग ने क्या चेतावनी जारी की है।

Image

राजस्थान में अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम का हाल

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (11 Feb 2026): राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर अब बीतने लगा है। प्रदेश के मिजाज में आ रहे इस बदलाव के कारण दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी उछाल देखने को मिल रहा है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तो पारा 30 डिग्री के पार चला गया है, जो इस बात का संकेत है कि रेगिस्तानी राज्य में गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है।

30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

मंगलवार को राजस्थान के कई शहरों में धूप के तेवर तीखे रहे। राज्य के बाड़मेर में सर्वाधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर के अलावा पिलानी, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, चूरू, फतेहपुर और दौसा जैसे शहरों में भी दिन का पारा 30 डिग्री या उससे ऊपर रहा। राजधानी जयपुर में दिनभर तेज धूप खिली रही और यहां अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रात की सर्दी भी हुई कम

तापमान में हो रही बढ़ोतरी का असर अब रात के समय भी दिखने लगा है। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे वहां रात की सर्दी लगभग गायब हो गई है। जयपुर में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री और बीकानेर में 15.1 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, तापमान का अंतर अब भी बरकरार है, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहां बाड़मेर तप रहा है, वहीं पाली में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री के साथ राज्य में सबसे कम रहा।

बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी हिस्सों, जिनमें बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, झुंझुनूं और सीकर शामिल हैं, यहां मौसम का अलग रूप देखने को मिला। दोपहर के बाद इन इलाकों में अचानक बादल छा गए और चूरू और श्रीगंगानगर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अचानक बढ़ी गर्मी और हवा में नमी के कारण स्थानीय स्तर पर बादल बने, जिससे यह बदलाव आया।

हफ्ते भर का मौसम

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ बना रहेगा। फिलहाल तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है, लेकिन पारा धीरे-धीरे बढ़ना जारी रहेगा। शेखावाटी और पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में रातें अब उतनी ठंडी नहीं रहेंगी। शुष्क हवाओं के चलने से वातावरण में नमी कम होगी और दिन की धूप और अधिक प्रभावी हो सकती है।
Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article