हाल ही में नए आईफोन की लॉन्चिंग के बाद Apple के कई स्टोर्स में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में फ्रांस की राजधानी पेरिस में भी एपल स्टोर लूटे गए हैं जिसके बाद एप्पल ने अपने iPhone और दूसरे प्रोडक्ट्स की चोरी रोकने के लिए एक नई तकनीक पेश की है। कंपनी अपने रिटेल स्टोर में खास एंटी-थेफ्ट स्कैनर लगा रही है, जो पैकिंग खोले बिना ही बॉक्स के अंदर रखे iPhone की जांच कर सकता है।
इसकी मदद से पता लगाया जा सकेगा कि फोन अपनी जगह पर मौजूद है या उसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ हुई है। खास बात यह है कि जांच के बाद भी फोन का बॉक्स सीलबंद रखा जा सकेगा, जिससे उसे दोबारा बिक्री के लिए रखा जा सकता है।
सीलबंद बॉक्स में फोन की चोरी से परेशान थी Apple
Bloomberg के पत्रकार मार्क गुरमन ने अपने Power On न्यूजलेटर में इस नई तकनीक की जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, Apple के रिटेल स्टोर में कुछ ऐसे मामले सामने आए, जिनमें ग्राहकों ने iPhone या दूसरे Apple प्रोडक्ट खरीदे और उनके अंदर से फोन, एक्सेसरीज या दूसरे जरूरी कंपोनेंट निकाल लिए। इसके बाद बॉक्स को दोबारा सील करके रिटेल स्टोर में लौटा दिया गया।
ऐसे मामलों में ऊपर से देखने पर बॉक्स बिल्कुल नया और सीलबंद लगता था, लेकिन उसके अंदर जरूरी सामान गायब हो सकता था। कथित तौर पर कुछ मामलों में यह काम बड़े पैमाने पर किया गया। निकाले गए कंपोनेंट को बाद में दूसरे बाजारों में बेच दिया जाता था। इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ अपने प्रोडक्ट की इन्वेंट्री संभालने में भी परेशानी होती थी।
बॉक्स खोलकर जांच करने से खराब हो रहा था स्टॉक
इस तरह की धोखाधड़ी रोकने के लिए Apple के स्टोर कर्मचारियों को लौटाए गए प्रोडक्ट के बॉक्स खोलकर उनकी जांच करनी पड़ती थी। इससे यह पता लगाना आसान हो जाता था कि फोन या कोई जरूरी सामान गायब तो नहीं है।
हालांकि, इस प्रक्रिया में एक दूसरी समस्या सामने आई। बॉक्स खुलने के बाद प्रोडक्ट को पहले की तरह सीलबंद पैकिंग में तुरंत बिक्री के लिए रखना मुश्किल हो सकता था। ऐसे सामान को आगे की जांच और प्रोसेसिंग के लिए वेयरहाउस भेजना पड़ता था। इससे कंपनी का समय और संसाधन दोनों खर्च होते थे।
बिना पैकिंग खोले iPhone की होगी जांच
इस समस्या से निपटने के लिए Apple ने नया स्कैनिंग डिवाइस तैयार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह डिवाइस बॉक्स के अंदर रखे iPhone को स्कैन कर सकता है और उसकी जांच के लिए डायग्नोस्टिक्स चला सकता है। इससे कर्मचारियों को पता लगाने में मदद मिलेगी कि फोन मौजूद है और उसके साथ छेड़छाड़ के संकेत तो नहीं हैं।
इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि जांच के लिए बॉक्स खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर प्रोडक्ट सही पाया जाता है, तो उसकी पैकिंग सीलबंद रखकर उसे दोबारा बिक्री के स्टॉक में शामिल किया जा सकता है।
Presto मशीन की तकनीक का इस्तेमाल
रिपोर्ट के अनुसार, Apple के नए स्कैनर में कंपनी की Presto मशीनों से जुड़ी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। Presto सिस्टम का उपयोग Apple स्टोर में iPhone की पैकिंग खोले बिना उसके सॉफ्टवेयर को अपडेट करने के लिए किया जाता है। मार्क गुरमन के मुताबिक, नए एंटी-थेफ्ट स्कैनर इसी महीने की शुरुआत में Apple के रिटेल स्टोर तक पहुंचने लगे थे और अब इन्हें चालू किया जा रहा है।
