राजस्थान में आज का मौसम (08 March 2026): राजस्थान मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी से तपने लगा है। दिन के समय तपती धूप निकल रही है, साथ ही शुष्क हवाएं भी चल रही हैं। जिसके कारण तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में अधिकतम तापमान 38 डिग्री के पार पहुंच गया है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी असर सबसे ज्यादा नजर आ रहा है। बाड़मेर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर और जैसलमेर जैसे जिलों में दिन में झुलसाने वाली धूप निकल रही है। मार्च में ही गर्मी ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस बार मार्च में ही राज्य में हीटवेव भी शुरू हो रही है। IMD ने 10 और 11 मार्च को राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने वाला है। दिन में तीखी धूप भी निकली रहेगी। राज्य में रात का मौसम भी अब गर्म हो गया है। सिर्फ कुछ जगहों पर ही रात में मौसम हल्का ठंडा बना हुआ है। आने वाले दिनों में प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट
राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी भागों में 10 और 11 मार्च को कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं दक्षिणी हिस्से में अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की प्रबल संभावना है। राज्य के शेष भागों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक राजस्थान में मौसम शुष्क ही बने रहने के आसार हैं।
राजस्थान का सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राजस्थान में सबसे गर्म जिला बाड़मेर रहा, यहां का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 11 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
