राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 7 May 2026): पश्चिम विक्षोभ का असर अब कम होने लगा है। इसी के साथ राजस्थान में भी पिछले कई दिनों से जारी आंधी और बारिश का दौर अब थमने लगा है। मौसम साफ होते ही राज्य में एक बार फिर गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। कल यानी बुधवार 6 मई को ज्यादातर शहरों में तेज धूप देखने को मिली। तेज धूप के कारण दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी भी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने चेतावनी दी है कि शनिवार 9 मई से राजस्थान में Heatwave यानी लू का नया दौर शुरू हो सकता है और पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
फलोदी में फिर से चढ़ गया पारा
राजस्थान में पिछले बुधवार को सबसे ज्यादा तापमान फलोदी में 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ज हुआ। जैसलमेर में 42.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.8 डिग्री और जोधपुर-पाली में 40 डिग्री से ज्यादा तापमान रहा। पश्चिमी जिलों में हल्की धूलभरी हवाएं भी चलीं, जिससे दिन में गर्मी का असर और बढ़ गया।
जयपुर का मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी जयपुर में बुधवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले करीब 2 डिग्री ज्यादा रहा। हालांकि, हाल के दिनों में हुई बारिश और हवाओं में नमी के कारण लोगों को अभी तेज चुभन वाली गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह में जयपुर का तापमान 41 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।
यहां दो-तीन दिन बारिश की संभावना
अजमेर, अलवर और सीकर के तापमान में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अलवर के तापमान में पिछले दो दिनों की तुलना में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं अजमेर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने इन इलाकों में अगले दो-तीन दिनों के दौरान आंधी और हल्की बारिश की संभावना भी जताई है।
उदयपुर में भी बढ़ने लगा तापमान
उदयपुर में दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। हालांकि, यहां कि रातें अब भी अपेक्षाकृत ठंडी बनी हुई हैं। कोटा में भी मौसम सामान्य से थोड़ा बेहतर रहा और नगर निगम ने गर्मी व धूल से राहत देने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया।
धौलपुर में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने भरतपुर और धौलपुर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है।
