Barrier Free Tolling: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एक ऐसे मंत्री हैं, जिनकी लगभग सभी तारीफ करते हैं। उनकी तारीफ करने वालों में छोटा-बड़ा और अमीर-गरीब का फर्क नहीं है। हो भी क्यों नहीं, उनके कार्यकाल के दौरान ही देश में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर का पूरा नक्शा जो बदल गया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे हो या दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे जैसे कई प्रोजेक्ट हैं, जिनको लेकर नितिन गडकरी की जमकर तारीफ होती है। लेकिन इन आधुनिक सड़कों पर फर्राटा मारते हुए जब आप आगे बढ़ते हैं तो बीच में आने वाले टोल प्लाजा रफ्तार पर ब्रेक लगा देते हैं। अब नितिन गडकरी आपकी इस समस्या का भी समाधान लेकर आ गए हैं। इस बारे में उन्होंने Times Drive Auto Summit & Awards 2026 में बताया। यहां हम बताएंगे कि उन्होंने और क्या कुछ कहा। साथ ही अगर आपको भविष्य की इस तकनीक को समझना हो तो आप किस Expressway पर इसे अभी अनुभव कर सकते हैं? हम बताएंगे, क्योंकि हम उसका अनुभव ले चुके हैं -
कल यानी मंगलवार 5 मई को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने Times Drive Auto Summit & Awards 2026 में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कई प्रश्नों के उत्तर दिए। केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि नए सिस्टम के तहत आप बिना किसी टोल गेट पर रुके 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फर्राटा मारते हुए निकल जाएंगे। इस दौरान हाईवे या एक्सप्रेसवे पर लगे कैंमरे से आपकी कार नंबर प्लेट की फोटो ले ली जाएगी और जितनी दूरी आपने तय की होगी, उसके अनुसार टोल कट जाएगा।
कई प्रोजेक्ट पर चालू हुआ नया सिस्टम
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस दौरान बताया कि इस सिस्टम को पहले ही कई टोल प्लाजा पर लागू किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस साल के अंत तक इसे देशभर में लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, इसके पीछे आइडिया बिल्कुल साधारण सा है। न कोई बैरियर, न कतार और न ही देरी। इसके अलावा फिक्स टोल देने की बजाया यात्रियों को उतनी ही दूरी का टोल टैक्स चुकाना होगा, जितना उन्होंने टोल रोड पर सफर किया होगा।
नितिन गडकरी ने इस दौरान बातचीत में कहा, देश में सड़कें बेहतर हुई हैं। बेहतर सड़कों का मतलब सफर के समय में कटौती के साथ ही फ्यूल और समय की बचत से है। उन्होंने कहा कि यह बचत टोल चार्जेस को रीजनेबल बनाता है। मंत्री ने बताया कि अगर आप 3000 रुपये का एनुअल पास बना लेते हैं तो जहां आपको 150 का टोल लगता था, वहां पर आपकी इफेक्टिव टोल दर 15 रुपये तक आ जाती है।
कहां लें बैरियर फ्री टोल का लुत्फ
भारत का पहला मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) बैरियर लेस टोलिंग सिस्टम मुंबई दिल्ली नेशनल हाईवे (NH48) पर गुजरात में सूरत के पास लगाया गया है। इस बैरियर लेस टोलिंग सिस्टम से गाड़ियां बिना रुके आगे बढ़ जाती हैं। यह देश में ऑटोमैटिक टोल कलेक्शन की तरफ एक बड़ा कदम है। इस टोल प्लाजा का नाम चोर्यासी टोल प्लाजा है, जो सूरत और भरूच के बीच कामरेज-चौर्यासी रूट पर बना है। लगभग दो महीने तक टेस्टिंग के बाद आखिर इसे पूरी तरह से ऑपरेशनल कर दिया गया है। इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ यह है कि टोल प्लाजा पर बैरियर्स की जरूरत नहीं है, टोल काटने के लिए यहां लगे कैमरा गाड़ी की नंबर प्लेट की फोटो लेते हैं और तय की गई दूरी के अनुसार अपने आप आपके FASTag से टोल कट जाता है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भी मिलेगी झलक
अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं और बैरियर लेस टोलिंस सिस्टम को देखना चाहते हैं तो आप दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का भी रुख कर सकते हैं। हालांकि, अभी इस एक्सप्रेसवे पर इस टोलिंग सिस्टम को पूरी तरह से लागू नहीं किया गया है। लेकिन दिल्ली से देहरादून की तरफ जाते समय आपको कम से कम 3 जगह ऐसे टोल प्लाजा मिलते हैं, जिन पर कोई बैरियर नहीं है और वहां एडमिन बिल्डिंग भी नहीं बनी है। हर टोल प्लाजा पर कैमरे गाड़ी की तस्वीर लेते रहते हैं। हालांकि, अभी टोल कलेक्शन ऑटोमैटिक नहीं है। टोल चुकाने के लिए आपको सहारनपुर के पास सराय माजरा टोल प्लाजा पर रुकना पड़ता है। दिल्ली से देहरादून जाते समय हमने इस सिस्टम को स्वयं देखा है। भविष्य की यह तकनीक लागू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर कुछ मिनट और कम हो जाएगा। इसी तरह अन्य रूट्स पर भी टोल गेट पर रुकने की जरूरत नहीं होगी और यात्रा का समय कम हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
