शहर

राजस्थान का मौसम (16 March 2026) Rajasthan Weather Today: क्या आज राजस्थान में होगी बारिश या तापमान में बढ़ोतरी से होंगे हीट वेव के हालात

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 16 March 2026: राजस्थान में कल हुई बारिश के कारण प्रचंड गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल गई है। हालांकि, आज तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी, लेकिन बुधवार से एक बार फिर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने के बाद हीट वेव के हालात अभी नहीं बनेंगे। जानिए आज कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम -

Image

राजस्थान में आज तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान

राजस्थान में आज का मौसम (16 March 2026): मार्च की शुरुआत में ही अचानक बढ़ी गर्मी के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के साथ ही पश्चिमी भारत में भी लू जैसे हालात बन गए थे। खासतौर पर राजस्थान के कई शहरों में हीट वेव का अलर्ट तक जारी किया गया था। लेकिन पिछले 2 दिनों से एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मौसम ने करवट ली है, जिसके बाद तापमान में गिरावट भी देखने को मिली है। आज राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा और कहां तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, चलिए जानते हैं?

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते कल यानी रविवार 15 मार्च को बीकानेर, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ और अलवर जिलों में तड़के हल्की बारिश देखने को मिली। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। कई जगहों पर तो एक तरफ धूप निकली रही और दूसरी तरफ ओले गिरने लगे। मौसम इस बदलाव के चलते तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है। इससे राज्य के कई जिलों में लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। हालांकि, दिन में मौसम खुला और आसमान साफ हुआ तो तेज धूप भी निकली।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक आज यानी सोमवार 16 से बुधवार 18 मार्च तक राजस्थान में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। इस दौरान तेज धूप निकलेगी और तापमान में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, बुधवार 18 मार्च की शाम को एक बार फिर मौसम करवट लेगा, जब एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा। इसके बाद शनिवार 21 मार्च तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में आंधी-बारिश के साथ कई जगहों पर ओले गिरने का भी अलर्ट है। बुधवार 18 मार्च को राजस्थान के 12 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

कल का मौसम कैसा रहा?

रविवार को श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में दिनभर मौसम की आंखमिचौली देखने को मिली। धूल भरी आंधी चलने के साथ ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश का दौर भी देखने को मिला। बारिश और ओले गिरने से तापमान में कुछ गिरावट हुई और अधिकतम तापमान एक दिन पहले के मुकाबले 3.7 डिग्री गिरकर 26.9 डिग्री सेल्सियस रह गया।

राजस्थान में कल का तापमान

शहरअधिकतम तापमान
हनुमानगढ़26.9
श्रीगंगानगर32
चूरू34.4
बीकानेर34.6
जैसलमेर35.2
सीकर33
अलवर31.4
करौली33
फतेहपुर (सीकर)34
नागौर33.5
झुंझुनूं33.2
चित्तौड़गढ़38.6
जयपुर35.7
अजमेर34.6

राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को मौसम साफ रहा, जिसके कारण दिनभर तेज धूप देखने को मिली। हालांकि, तेज धूप के बीच हल्की हवा भी चलती रही, जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी तो हुई, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं। दौसा और अजमेर में भी रविवार को मौसम गर्म रहा।

बुधवार 18 से शनिवार 21 मार्च तक पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली चमकने की घटनाएं होंगी और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, इसके बाद 3-5 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पड़ोसी राज्य गुजरात में भी अगले तीन दिनों में तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है और उसके बाद बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। महाराष्ट्र में भी अगले 5 दिनों में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article