शहर

राजस्थान हाईकोर्ट को फिर से मिली बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर खाली कराया गया और सभी न्यायिक कार्य अस्थायी रूप से रोक दिए गए। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि अदालत के नियमित कामकाज को भी प्रभावित किया है।

Image

राजस्थान हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (प्रतीकात्मक फोटो)

Rajasthan News: राजस्थान हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस सूचना के सामने आते ही हाईकोर्ट प्रशासन ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गईं। बताया गया है कि, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार को आज सुबह ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी गई थी। मेल में दावा किया गया कि हाईकोर्ट परिसर में तीन शक्तिशाली आरडीएक्स बम लगाए गए हैं। इस धमकी के चलते जयपुर स्थित हाईकोर्ट में होने वाली सभी सुनवाइयों को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया।

अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसियां

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। कोर्ट रूम, न्यायाधीशों के कक्ष और अधिवक्ताओं के चैंबरों में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पूरे परिसर की बारीकी से जांच के बाद जब कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, तो वकीलों और वादकारियों के लिए दोबारा प्रवेश की अनुमति दे दी गई। इसके पश्चात जयपुर हाईकोर्ट में न्यायिक कार्य फिर से शुरू कर दिया गया। गौरतलब है कि पिछले साल भी हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी कुल छह बार मिली थी।

दिसंबर महीने में लगातार 5 दिनों तक धमकी भरे ई-मेल

वहीं दिसंबर महीने में तो लगातार पांच दिनों तक धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। हालांकि, अब तक पुलिस ऐसे किसी भी व्यक्ति को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि, राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के एक पूर्व अध्यक्ष ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि हाईकोर्ट को बार-बार धमकियां मिलती रहती हैं, लेकिन हर जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध सामने नहीं आता। उन्होंने मांग की कि बार-बार न्यायिक कार्य बाधित होने को देखते हुए कोर्ट को इस मामले में खद ही संज्ञान लेना चाहिए।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article