Rajasthan News: अगर आप राजस्थान में जमीन या मकान खरीदने या बेचने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए एक बुरी खबर है। अब यहां जमीन और मकान खरीदने वालों को ज्यादा रकम खर्च करनी होगी। राज्य सरकार ने सोमवार 3 अगस्त 2026 से राज्यभर में नई DLC (District Level Committee) दरें लागू कर दी हैं। अलग-अलग इलाकों में DLC रेट में 5 से 49 फीसद तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे जमीन की रजिस्ट्री के लिए देय स्टांप ड्यूटी और अन्य शुल्क पर असर पड़ेगा। साथ ही सरकारी मूल्यांकन बढ़ने से प्रॉपर्टी की बाजार कीमतों पर भी दबाव आने की संभावना है।
ज्यादातर क्षेत्रों में DLC दरें 5 से 20 फीसद तक बढ़ाई गई हैं। लेकिन, जिन इलाकों में सरकारी DLC दरें बाजार की वास्तविक कीमतों की तुलना में काफी कम थीं, वहां 30 से 49 फीसद तक की बढ़ोतरी की गई है।
अप्रैल में भी बढ़ी थीं DLC दरें
नई दरों के लिए सरकार ने मई 2026 में सभी जिलों से प्रस्ताव मांगे थे। जून के आखिरी हफ्ते तक वित्त विभाग ने इन प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया। इसके बाद नई दरों को 3 अगस्त से लागू कर दिया गया है। इससे पहले 1 अप्रैल 2026 को DLC रेट में 10 फीसद की बढ़ोतरी की गई थी। यानी कुछ ही महीनों में जमीन के सरकारी मूल्यांकन में दूसरी बड़ी वृद्धि की गई है।
बापू बाजार जयपुर की जमीन सबसे महंगी
जयपुर में चारदीवारी क्षेत्र के बापू बाजार में 40 से 60 फीट चौड़ी सड़क पर जमीन की DLC दर अब 571780 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है। वहीं रामबाग चौराहे से अजमेरी गेट तक दोनों तरफ 100 फीट की कॉमर्शियल जमीन की DLC दर 3 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर पहुंच गई है।
जयपुर के कई प्रमुख इलाकों में भी DLC दर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। जमना विहार न्यू में 49 फीसद, नंदपुरी और मॉडल टाउन-जगतपुरा में 48 फीसद तथा जोनलन मार्ग और जवाहर सर्किल टर्मिनल-2 क्षेत्र में 48 फीसद तक वृद्धि की गई है।
सैटेलाइट टाउन में बढ़ी दरें
चौमूं, चाकसू, कालवाड़, जोबनेर, बगरू, बस्सी, फागी, बिचून और दूदू जैसे इलाकों में कॉमर्शियल DLC दरें 30 से 50 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तक पहुंच गई हैं। चौमूं के आदित्य नगर में कॉमर्शियल दर 35200 से बढ़कर 52800 रुपये प्रति वर्गमीटर तक हो गई है। अनाज मंडी में यह दर 40700 से 48840 रुपये प्रति वर्गमीटर तक पहुंच गई है।
