शहर

हिमाचल में मानसून बना आफत! 153 सड़कें बंद, 191 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप; भारी बारिश का कहर जारी

हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राज्य में 153 सड़कें बंद हैं, 191 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए हैं और 58 पेयजल योजनाएं बाधित हैं। आईएमडी ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Image

हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट जारी (सांकेतिक फोटो)

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बेहाल है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) की मंगलवार शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में 153 सड़कें बंद हैं, 191 बिजली वितरण ट्रांसफॉर्मर (DTR) ठप पड़े है और 58 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटा हुआ है।

सबसे ज्यादा प्रभावित मंडी, सिरमौर और कुल्लू

रिपोर्ट के अनुसार, बंद सड़कों में सबसे ज्यादा 51 सड़कें मंडी जिले में हैं। इसके बाद सिरमौर में 39, कुल्लू में 36 और शिमला में 15 सड़कें बंद हैं। हालांकि दिन तक 157 सड़कें बंद थीं, जिनकी संख्या शाम तक घटकर 153 रह गई। राहत की बात यह है कि फिलहाल कोई भी नेशनल हाईवे बंद नहीं है।

बिजली और पानी की व्यवस्था भी प्रभावित

भारी बारिश के कारण हिमाचल में 191 बिजली ट्रांसफॉर्मर खराब हो गए हैं। इनमें सिरमौर के 143, मंडी के 35 और शिमला के 12 ट्रांसफॉर्मर शामिल हैं। वहीं, 58 पेयजल योजनाएं भी भारी बारिश के कारण बाधित हो गई हैं, यह संख्या दिन में प्रभावित 28 योजनाओं से दोगुनी है। सिरमौर में सबसे अधिक 28 योजनाएं प्रभावित हुईं है, वहीं शिमला में 19 पेयजल योजनाएं बाधित हैं।

कई जिलों में जारी है राहत और बहाली कार्य

बारिश का प्रभाव मंडी, सिरमौर, शिमला, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना सहित कई जिलों में देखने को मिला है। सड़कों से मलबा हटाने, बिजली आपूर्ति बहाल करने और जलापूर्ति सुधारने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार काम में जुटी हुई हैं।

अगले 4-5 दिन और भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक हिमाचल में सक्रिय मानसून बने रहने और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। हालांकि फिलहाल फ्लैश फ्लड का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 3 से 7 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से भूस्खलन और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article